एयर इंडिया में सुरक्षा और लागत नियंत्रण पर ध्यान देने की जरूरत: चंद्रशेखरन

 
 

 

नई दिल्ली, 07 सितंबर (हि.स.)। टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने एयरलाइन के बदलाव के अगले चरण में सुरक्षा, ग्राहकों के भरोसे, कामकाज में बेहतरीन प्रदर्शन और आर्थिक रूप से टिकाऊ बने रहने पर ध्यान देने की बात दोहराई है। एयर इंडिया के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टेवोल्डे गेबरियाम और निवर्तमान प्रमुख कैंपबेल विल्सन भी बैठक में मौजूद थे।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार बताया कि टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने एक इंटरनल मीटिंग में एयर इंडिया के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सुरक्षा पर ध्यान देने और लागत नियंत्रण की मजबूत संस्कृति बनाने की जरूरत पर जोर दिया। इस बैठक में चंद्रशेखरन ने औपचारिक रूप से गेबरियाम का कर्मचारियों से परिचय कराया।

चंद्रशेखरन ने कहा कि एयर इंडिया में भरोसा बहाल करना एयरलाइन की सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इसके लिए पूरी कंपनी में विश्वस्तरीय प्रक्रिया, नियमों का सख्ती से पालन और व्यक्तिगत जवाबदेही की जरूरत होगी। उन्होंने कहा, ‘‘एयर इंडिया एयरलाइन को सबसे महत्वपूर्ण चीज जो हासिल करने का प्रयास करना चाहिए, वह लोगों का भरोसा है।’’ चंद्रशेखरन ने कहा कि विमानन कंपनी का सुरक्षा रिकॉर्ड सबसे बेहतर से बेहतर होना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से लागत नियंत्रण की मजबूत संस्कृति बनाने में मदद करने का आग्रह किया।

एयर इंडिया ने 5 अगस्त को व्यापक चयन प्रक्रिया के बाद गेबरियाम को कंपनी का सीईओ एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किए जाने का ऐलान किया था। इस चयन प्रक्रिया की निगरानी एक समर्पित बोर्ड समिति ने की थी। गेबरियाम के पास में इथियोपियन एयरलाइंस समूह में करीब चार दशक का अनुभव है। वह 11 साल से अधिक समय तक इसके सीईओ भी रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि टाटा समूह ने जनवरी 2022 में भारत सरकार से एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था। इसके बाद सिंगापुर एयरलाइंस ने एयरलाइन में 25.1 फीसदी हिस्सेदारी हासिल की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर