राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन ने 15 महीनों में 105 करोड़ रुपये का रिफंड दिलाया

 




नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। उपभोक्ता मामले के विभाग की राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) ने 25 अप्रैल, 2025 से 31 जुलाई, 2026 तक की 15 महीने की अवधि के दौरान 35 क्षेत्रों में 1,66,189 रिफंड से संबंधित शिकायतों का निदान करते हुए उपभोक्ताओं को 105 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड दिलाने में सहायता की है।

उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में बताया ये रिफंड मुकदमा-पूर्व चरण में दिलाए गए, जिससे उपभोक्ताओं को उपभोक्ता आयोगों का रूख किए बिना समय पर राहत हासिल करने में सहायता मिली। राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन देशभर के उपभोक्ताओं के लिए शिकायत दर्ज कराने और उसका समाधान प्राप्त करने हेतु एकल-सम्पर्क मंच के रूप में उभरी है।

मंत्रालय ने बताया कि ई-कॉमर्स क्षेत्र में रिफंड संबंधी शिकायतों की संख्या सबसे अधिक रही। इस क्षेत्र में 1,00,466 शिकायतों के परिणामस्वरूप 74 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड दिलाने में सहायता की गई। इसके बाद यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र का स्थान रहा, जहां 10 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड दिलाने में सहायता की गई। मई 2026 से जुलाई 2026 के दौरान ई-कॉमर्स क्षेत्र में दिए गए रिफंड की राशि एक रुपये से लेकर 35,83,790 रुपये तक रहीं। इसमें विभिन्न प्रकार और अलग-अलग मूल्य वाली उपभोक्ता शिकायतें शामिल थीं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन उपभोक्ताओं को कुल 17 भाषाओं में शिकायत निवारण की सुविधा प्रदान करती है। इसके लिए कई माध्यम भी उपलब्ध हैं, जिसमें टोल-फ्री नंबर 1915, व्हाट्सएप या एसएमएस नंबर 8800001915, वेब पोर्टल, उमंग ऐप, आईएनजीआरएएम पोर्टल और ईमेल nch-ca@gov.in और एनसीएच मोबाइल ऐप शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर