टाटा संस के उत्तराधिकार की दौड़ में नरेंद्रन, अग्रवाल, आशीष चौहान शामिल

 


नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)। टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस ने चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के उत्तराधिकारी की तलाश तेज कर दी है। 275 अरब डॉलर से ज़्यादा के टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी ने चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के उत्तराधिकारी की तलाश को तीन बड़े कॉर्पोरेट लीडर्स तक सीमित कर दिया है।

सूत्र ने शनिवार को बताया कि इसके लिए तीन प्रमुख कॉरपोरेट दिग्गजों टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टी वी नरेंद्रन, टाटा संस के कार्यकारी निदेशक एवं समूह सीएफओ सौरभ अग्रवाल और एनएसई के एमडी एवं सीईओ आशीष चौहान के नाम उभरकर सामने आए हैं।

सूत्रों ने कहा कि टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने छांटे गए उम्मीदवारों के नाम शीर्ष सरकारी नेतृत्व को बता दिए हैं। इन नामों पर गहन विचार-विमर्श के बाद फैसला होने की संभावना है। अगला चेयरमैन की चयन प्रक्रिया में टाटा संस के बोर्ड और होल्डिंग कंपनी को नियंत्रित करने वाले ट्रस्टों की इसमें अहम भूमिका रहने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि एन चंद्रशेखरन ने 2017 में टाटा संस के चेयरमैन का पद संभाला था। वर्तमान में वह अपना दूसरा पांच साल का कार्यकाल को पूरा कर रहे हैं, उन्होंने पिछले महीने ही घोषणा की थी कि 20 फरवरी 2027 को कार्यकाल समाप्त होने पर वह पुनर्नियुक्ति की मांग नहीं करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर