वाणिज्य राज्य मंत्री जितिन प्रसाद 24-25 अगस्त को मोरक्को के दौरे पर रहेंगे
नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद 24-25 अगस्त को मोरक्को साम्राज्य की आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान दोनों पक्षों के बीच व्यापार को और अधिक विविधतापूर्ण बनाने तथा बाजार पहुंच के अवसरों को बढ़ाने के उपायों पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक जितिन प्रसाद भारत-मोरक्को संयुक्त आयोग के 7वें सत्र की सह-अध्यक्षता अपने समकक्ष उमर हेजिरा के साथ करेंगे। वह मोरक्को साम्राज्य के विदेश व्यापार प्रभारी उद्योग और व्यापार राज्य मंत्री भी हैं। संयुक्त आयोग की बैठक द्विपक्षीय आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग के वर्तमान क्षेत्रों की समीक्षा करने और पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यापक बनाने की दिशा में कार्य करने का अवसर प्रदान करेगी। चर्चाओं में व्यापार और बाजार पहुंच, उर्वरक उत्पादन और आपूर्ति में सहयोग, निवेश, औद्योगिक सहयोग, सीमा शुल्क, कृषि और खाद्य सुरक्षा, फार्मास्यूटिकल्स और स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा और खनन, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल परिवर्तन, परिवहन और लॉजिस्टिक, आयुष, पर्यटन, शिक्षा और कौशल सहित कई क्षेत्रों को शामिल किए जाने की उम्मीद है।
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक इस यात्रा के दौरान जितिन प्रसाद मोरक्को के वरिष्ठ नेताओं के साथ द्विपक्षीय और उच्च स्तरीय बैठकें करेंगे। वे भारत-मोरक्को संयुक्त व्यापार मंच में भी भाग लेंगे और व्यापार, निवेश, साझेदारी और संयुक्त उद्यम के नए अवसरों की पहचान करने के लिए व्यापार समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। साथ ही जितिन प्रसाद अपनी यात्रा के दौरान रबात में व्यापारिक नेताओं के साथ भी संवाद करेंगे।
भारत और मोरक्को 2027 में राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ मनाएंगे। इसे देखते हुए यह यात्रा और भी महत्वपूर्ण है। इसके अलावा यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को और गहरा करने का अवसर प्रदान करेगी। इस यात्रा से भारत-मोरक्को आर्थिक सहयोग के संस्थागत ढांचे को और सुदृढ़ करने तथा द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, औद्योगिक साझेदारी और व्यापार-से-व्यापार संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर