सुनील भारती मित्तल को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से गया नवाजा

 


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया है।

भारती एंटरप्राइजेज ने बताया कि ये सम्मान ‘शेवेलिये दे ल’ऑर्द्र नासियोनाल दे ला लेजियों द ऑनर’ (नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर) 28 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित फ्रांस के दूतावास में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान के लिए सुनील भारती मित्तल ने फ्रांस गणराज्य के प्रति आभार व्यक्त किया है। नेपोलियन बोनापार्ट ने 1802 में ‘लेजियों द ऑनर’ की स्थापना की थी। यह फ्रांसीसी गणराज्य का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।

कंपनी के अनुसार मित्तल को भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों तथा दूरसंचार एवं डिजिटल बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए यह सम्मान दिया गया है।

भारत में फ्रांस के राजदूत थियरी माथू ने कहा कि सुनील भारती मित्तल 1992 में एयरटेल के शुरुआती दिनों से ही, यानी 30 साल से अधिक समय से फ्रांस के मित्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि मित्तल ने दशकों से इन संबंधों को लगातार मजबूत करके दिखाया है कि फ्रांस और भारत के कारोबारी मिलकर क्या हासिल कर सकते हैं। थियरी माथू ने कहा कि आज वह यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में इन संबंधों को आगे बढ़ा रहे हैं। यह ऐसा समय है, जब हमारे दोनों देश अंतरिक्ष और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में मिलकर आगे बढ़ रहे हैं।

मित्तल ने कहा कि फ्रांस के साथ मेरा जुड़ाव 1992 में एयरटेल की शुरुआत से रहा है जब कंपनी जनरल दे जो (कॉम्पैनी जेनेराल दे जो) ने भारत में मोबाइल दूरसंचार सेवाएं शुरू करने के लिए भारती के साथ साझेदारी की थी। उन्होंने कहा कि यह जुड़ाव आज भी जारी है। मैं यूरोपीय उपग्रह क्षेत्र की प्रमुख कंपनी यूटेलसैट के सह-चेयरमैन के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा हूं। मैं फ्रांस गणराज्य के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रति आभार के साथ यह सम्मान स्वीकार करता हूं। साथ ही भारत तथा फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराता हूं।

सुनील भारती मित्तल को 2007 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2024 में वह ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय द्वारा ‘नाइट कमांडर ऑफ द मोस्ट एक्सीलेंट ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर’ (केबीई) से सम्मानित होने वाले पहले भारतीय नागरिक बने थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर