खान मंत्रालय का दो दिवसीय राष्ट्रीय डीएमएफ शिखर सम्मेलन नई दिल्ली में 23 मार्च से
-खान मंत्रालय राष्ट्रीय डीएमएफ शिखर सम्मेलन 2026 का करेगा आयोजन
नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स)। भारत सरकार का खान मंत्रालय 23-24 मार्च को नई दिल्ली के स्कोप कन्वेंशन सेंटर में राष्ट्रीय जिला खनिज निधि (डीएमएफ) शिखर सम्मेलन 2026 का आयोजन करेगा।
खान मंत्रालय ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि वह सोमवार और मंगलवार को राष्ट्रीय जिला खनिज फाउंडेशन शिखर सम्मेलन 2026 का भी आयोजन करेगा। मंत्रालय के मुताबिक इस शिखर सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे और खान मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल मौजूद रहेंगे।
मंत्रालय के अनुसार दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, जिला प्रशासनों, नीति आयोग और अन्य हितधारकों के वरिष्ठ अधिकारी एक साथ आएंगे। साथ ही डीएमएफ की योजना, कार्यान्वयन और निगरानी से संबंधित चुनौतियों, सर्वोत्तम प्रथाओं और सुधार उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर