एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख, सोना-चांदी और क्रूड में आई तेजी, बेस मेटल में मिला-जुला कारोबार
नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। घरेलू कमोडिटी बाजार (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज- एमसीएक्स) में आज सुबह के शुरुआती कारोबार के दौरान शानदार तेजी का माहौल बना हुआ है। वैश्विक स्तर पर जियो-पॉलिटिकल टेंशन बढ़ने के कारण कच्चे तेल के साथ-साथ सोने और चांदी की कीमत में भी जोरदार उछाल देखा जा रहा है। इसके कारण मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर कीमती धातुएं और एनर्जी सेगमेंट मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। वहीं, बेस मेटल (औद्योगिक धातु) सेगमेंट में और सीमित दायरे में मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।
सबसे पहले सोना-चांदी जैसी चमकीली और कीमती धातुओं की बात करते हैं। आज सुबह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने और चांदी के भाव में अच्छी रिकवरी दर्ज की गई है। सुबह के शुरुआती कारोबार के दौरान सोना वायदा (गोल्ड फ्यूचर्स) 0.66 से 0.77 प्रतिशत यानी करीब 895 रुपये से 1,053 रुपये की तेजी के साथ 1,37,120 रुपये से 1,37,278 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता हुआ देखा गया। इसी तरह चांदी वायदा (सिल्वर फ्यूचर्स) में भी मजबूती का रुख बना हुआ है। फिलहाल यह 0.12 से 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,78,933 रुपये से 1,79,130 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर काम कर रही है।
एनर्जी मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आज जोरदार तेजी का रुख बना हुआ है। सऊदी अरब की ऑयल फैसिलिटीज पर ताजा ड्रोन और मिसाइल हमलों की खबरों के बाद ग्लोबल सप्लाई के बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। इसके कारण अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड आज वैश्विक बाजार में उछल कर 95 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर 96.99 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया है।
इसी तरह अमेरिकी क्रूड यानी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) के भाव में भी अच्छी मजबूती देखी जा रही है। डब्ल्यूटीआई क्रूड आज 88 डॉलर प्रति बैरल का स्तर पार कर 88.92 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई तेजी से घरेलू बाजार भी प्रभावित हुआ है। घरेलू स्तर पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का वायदा भाव करीब 19 से 29 रुपये की बढ़त के साथ 8,319 रुपये से 8,329 रुपये प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल सेगमेंट में आज सुबह सतर्कता के बीच सीमित दायरे का कारोबार देखने को मिल रहा है। चीन की विनिर्माण गतिविधियों की धीमी रफ्तार के कारण कॉपर और एल्यूमिनियम की कीमतों पर ऊपरी स्तरों पर हल्का दबाव बना हुआ है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर एल्यूमिनियम और कॉपर दोनों ही मामूली उतार-चढ़ाव के साथ अपने पिछले बंद भाव के आसपास ही कारोबार करते नजर आ रहे हैं।
कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि मध्य एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव ने कच्चे तेल और सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग को फिर से बढ़ा दिया है। हालांकि, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के 103.13 के मजबूत स्तर पर टिके रहने से कीमती धातुओं की तेजी पर थोड़ा अंकुश लगा हुआ है। विश्लेषकों के अनुसार, शॉर्ट टर्म में वैश्विक घटनाक्रमों के चलते कमोडिटी बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक