मारुति सुजुकी ने फिर बढ़ाए दाम, गाड़ियां होंगी 20 हजार रुपये तक महंगी
मारुति सुजुकी इंडिया ने सोमवार को शेयर बाजार को नियामक फाइलिंग में बताया, ‘‘कच्चे माल की लागत में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए कंपनी ने चुनिंदा मॉडलों की कीमतें 20 हजार रुपये तक बढ़ाने का फैसला किया है। कीमतों में यह बढ़ोतरी सितंबर 2026 से प्रभावी होगी।’’
कंपनी ने कहा कि वह पिछले कुछ महीनों से लागत घटाने के उपायों के जरिए बढ़ी हुई लागत के असर को जितना हो सके, कम करने के लिए लगातार कोशिश कर रही है। मारुति सुजुकी इंडिया के मुताबिक, ‘‘महंगाई का दबाव ऊंचे स्तर पर बना हुआ है और लागत का प्रतिकूल माहौल भी कायम है। ऐसे में कंपनी बढ़ी हुई लागत का एक हिस्सा बाजार पर डालने के लिए मजबूर है।’’
उल्लेखनीय है कि मारुति ने अपनी सभी गाड़ियों की कीमतों में अगस्त में औसतन लगभग 0.5 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। इस प्राइस हाइक के तहत मारुति की कारें अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से 2,500 से 30 हजार रुपये तक महंगी हुईं थी। ये मई के बाद कार की कीमतों में तीसरी बढ़ोतरी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर