मनोहर लाल ने भूटान में पुनात्सांगछू जलविद्युत परियोजना का किया दौरा
नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स)। केंद्रीय विद्युत तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को अपनी आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन भूटान में पुनातसांगछू-I और पुनातसांगछू-II जलविद्युत परियोजना स्थलों का दौरा किया। इसके अलावा उन्होंने वांगडु फोडरंग द्जोंग का दौरा किया, जो भूटान की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भंडार है।
केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने बांध निर्माण के लिए पुनात्सांगछू-I परियोजना स्थल पर कंक्रीट डालने के समारोह में भाग लिया। दोनों देशों के बीच सबसे बड़ी संयुक्त जलविद्युत परियोजना के पूरा होने पर भूटान की जलविद्युत क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। इस यात्रा के दौरान मनोहर लाल ने ऊर्जा क्षेत्र में दीर्घकालिक साझेदारी पर जोर देते हुए भारत की वित्तीय सहायता और तकनीकी सहयोग सहित निरंतर समर्थन के बारे में बताया। उन्होंने परियोजना को सुरक्षित और कुशलतापूर्वक आगे बढ़ाने में दोनों पक्षों के इंजीनियरों और विशेषज्ञों के समन्वित प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने विद्युत संयंत्र का निरीक्षण भी किया और परियोजना के कार्यान्वयन की स्थिति और प्रमुख उपलब्धियों के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद मनोहर लाल ने पुनात्सांगचू-II परियोजना का दौरा किया। इस दौरे में विद्युत संयंत्र और बांध स्थल का निरीक्षण भी शामिल था, जहां उन्हें चल रहे कार्यों की जानकारी दी गई। केंद्रीय मंत्री ने परियोजना के संचालनात्मक निष्पादन की समीक्षा की और बताया कि इससे पहले ही पर्याप्त बिजली और राजस्व उत्पन्न हो चुका है, साथ ही भारत को स्वच्छ ऊर्जा का निर्यात भी संभव हो रहा है। उन्होंने परियोजना के सफल क्रियान्वयन और संचालन दक्षता की सराहना की, भूटान के आर्थिक विकास में इसके योगदान को स्वीकार किया और सतत ऊर्जा विकास में भूटान को सहयोग देने के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर