मंडाविया 3 मई को कर्नाटक में 100 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल का करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली, 01 मई (हि.स)। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया 3 मई को कर्नाटक के डोड्डाबल्लापुर में नवनिर्मित 100 बिस्तरों वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। साथ ही वह बेल्लारी में 100 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल की वर्चुअली आधारशिला रखेंगे।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुताबिक इस अवसर पर डॉ. मंडाविया मंडाविया उन निर्माण श्रमिकों को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने अस्पताल के विकास में योगदान दिया है। इस कार्यक्रम के दौरान वे ईएसआई लाभार्थियों को नकद लाभ भी वितरित करेंगे। कर्नाटक के डोड्डाबल्लापुर में 100 बिस्तरों वाला यह अस्पताल 1,42,037 से अधिक बीमित श्रमिकों और उनके परिवारों को सेवाएं देगा, जिससे बेंगलुरु ग्रामीण, चिक्काबल्लापुर, तुमकुरु और कोलार जिलों में लगभग 5.50 लाख लाभार्थियों को फायदा होगा। इसके अलावा बेल्लारी अस्पताल पूरा होने पर लगभग 64 हजार श्रमिकों और उनके परिवारों की चिकित्सा आवश्यकता पूरा होगी, जिससे बेल्लारी संभाग में 2 लाख से अधिक लाभार्थियों को लाभ मिलेगा।
कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण स्थित डोड्डाबल्लापुर में स्थित ईएसआईसी का अस्पताल 100 बिस्तरों वाला एक मल्टी-स्पेशियलिटी सेकेंडरी केयर सेंटर है, जिसे 5 एकड़ जमीन पर 101.14 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इसमें 32 स्टाफ क्वार्टर हैं और यहां जनरल मेडिसिन, सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग, हड्डी रोग, आपातकालीन देखभाल जैसी मुख्य सेवाएं मिलेंगी। साथ ही इसमें रेडियोलॉजी, प्रयोगशाला और ब्लड बैंक जैसी व्यापक डायग्नोस्टिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
इसके अलावा बेल्लारी में प्रस्तावित ईएसआईसी अस्पताल को 5.21 एकड़ ज़मीन पर लगभग 150 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित किया जाएगा। यह अस्पताल ईएसआई योजना के तहत बीमित व्यक्तियों और उनके परिवारों को आधुनिक, अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर