ल्यूमिनो इंडस्ट्रीज का आईपीओ 27 अगस्त को खुलेगा, प्राइस बैंड 78-82 रुपये प्रति शेयर
नई दिल्ली/मुंबई, 21 अगस्त (हि.स.)। कंडक्टर एवं बिजली केबल विनिर्माता ल्यूमिनो इंडस्ट्रीज लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) निवेशकों के लिए 27 अगस्त को खुलेगा। इसमें निवेश करने के लिए निवेशक 31 अगस्त तक बोली लगा सकते हैं। निवेश के लिए एंकर निवेशक 25 अगस्त को बोली लगा पाएंगे। कंपनी ने इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 78-82 रुपये प्रति शेयर तय किया है।
ल्यूमिनो इंडस्ट्रीज लिमिटेड की योजना इस इश्यू के जरिए 700 करोड़ रुपये जुटाने की है। कंपनी ने बताया कि ये आईपीओ 500 करोड़ रुपये के नए शेयर और करीब 200 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण है। कंपनी नए शेयर जारी कर जुटाई गई धनराशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, उपकरण और मशीनरी की खरीद तथा कंपनी के सामान्य कामकाज आदि के लिए करेगी।
कंपनी के मुताबिक 5 रुपये अंकित मूल्य वाले इस इश्यू में निवेशक न्यूनतम 182 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 182 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं। कंपनी का शेयर तीन सितंबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
कंपनी भारत में एक प्रोडक्ट-बेस्ड इंटीग्रेटेड इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) कंपनी है। इसका मुख्य फोकस देश के बढ़ते पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर के लिए कंडक्टर, पावर केबल, इलेक्ट्रिकल वायर और दूसरे खास प्रोडक्ट और कंपोनेंट बनाने और सप्लाई करने पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर