एलआईसी को आईसीआईसीआई बैंक में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की आरबीआई से मिली मंजूरी

 




नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को आईसीआईसीआई बैंक में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) से मंजूरी मिल गई है।

आईसीआईसीआई बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को नियामक फाइलिंग में बताया कि एलआईसी ने आईसीआईसीआई बैंक में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए आरबीआई से मंजूरी प्राप्त कर ली है। इस मंजूरी के बाद दोनों के बीच सौदा पूरा करने का रास्ता साफ हो चुका है। आरबीआई की ओर से जारी मंजूरी पत्र 4 सितंबर 2026 को रात 9:09 बजे प्राप्त हुआ है। यह अनुमति मिलने के बाद अब एलआईसी अगले एक साल के भीतर बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा सकेगी।

आरबीआई की इस अप्रूवल में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी के लिए आईसीआईसीआई बैंक के पेड अप शेयर कैपिटल अथवा वोटिंग राइट्स का जिक्र है। ये मंजूरी एक साल के लिए मान्य है। अगर इस बीच एलआईसी ने सौदे को पूरा नहीं किया, तो स्वीकृति समाप्त हो जाएगी।

उल्लेखनीय है कि आईसीआईसीआई बैंक से पहले एलआईसी को देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक में भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मंजूरी मिल चुकी है। 19 अगस्त को बैंक की नियामक फाइलिंग के अनुसार रिजर्व बैंक ने एलआईसी को एचडीएफसी बैंक की पेड-अप शेयर कैपिटल या वोटिंग राइट्स का 9.99 फीसदी तक अधिग्रहण करने की अनुमति दी थी। फाइलिंग के आंकड़ों के अनुसार एलआईसी के पास पहले से ही बैंक की कुल शेयर पूंजी का 4.11 फीसदी हिस्सा मौजूद था।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर