लीप इंडिया का आईपीओ सात अगस्त को खुलेगा, प्राइस बैंड 151-159 रुपये प्रति शेयर

 


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। लीप इंडिया लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) शुक्रवार, सात अगस्त को खुलेगा। इसमें निवेश के लिए निवेशक 11 अगस्त , 2026 तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 151–159 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

कंपनी ने मंगलवार को मुंबई में आयोजित एक प्रेंस कांफ्रेंस में बताया कि लीप इंडिया लिमिटेड का आईपीओ निवेश के लिए 07 अगस्त को खुलेगा, जो 11 अगस्त को बंद होगा। कंपनी ने इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 151–159 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

लीप इंडिया लिमिटेड के मुताबिक एक रुपये अंकित मूल्य वाले इस इश्यू में निवेशक न्यूनतम 94 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 94 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं। कंपनी के मुताबिक निवेशकों को कम से कम 14946 रुपये का दांव लगाना होगा। कंपनी का शेयर 14 अगस्त को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होगा।

कंपनी के मुताबिक लीप इंडिया लिमिटेड 2,480 करोड़ रुपये के इस इश्यू में 480 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 2,000 करोड़ रुपये के शेयर को प्रमोटर बिक्री पेशकश (ओएफएस) के जरिए बेचेंगे।

लीप इंडिया लिमिटेड ने बताया कि नए शेयर जारी कर जुटाई जाने वाली राशि में से 360 करोड़ रुपये का उपयोग कंपनी द्वारा लिए गए कुछ कर्जों के पूर्ण या आंशिक पुनर्भुगतान अथवा पूर्व भुगतान के लिए किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 2013 में बनी ये कंपनी अपने 'शेयर और रीयूज' (साझा करने और दोबारा इस्तेमाल करने) वाले बिज़नेस मॉडल का इस्तेमाल करती है, जिसे 'पूलिंग' कहा जाता है। एफएंडएस रिपोर्ट के मुताबिक यह भारत के सप्लाई चेन मैनेजमेंट सेक्टर में ऑन-डिमांड एसेट पूलिंग सर्विस देने वाली सबसे बड़ी कंपनी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर