38 रुपये का फाइनल डिवेडेंड देगी एलएंडटी, 22 मई है रिकॉर्ड डेट

 


नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम करने वाली कंपनी लार्सन एंड टूब्रो (एल एंड टी) ने 2025-26 के लिए 38 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 22 मई तय की गई है। मतलब 22 मई तक जिन लोगों के नाम कंपनी के शेयर होल्डर्स के रूप में रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी के पास या डिपॉजिटरी के रिकॉर्ड में होंगे, उन्हें ही कंपनी द्वारा घोषित फाइनल डिविडेंड मिलेगा।

एल एंड टी के अनुसार जून महीने में पांच तारीख को होने वाली एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) में फाइनल डिविडेंड पर शेयर होल्डर की मंजूरी ली जाएगी। शेयर होल्डर्स की मंजूरी मिलने के बाद 10 जून को डिविडेंड का भुगतान कर दिया जाएगा। इसके पहले एल एंड टी ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 34 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड जारी किया था। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू दो रुपये है।

कंपनी के शेयर पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को बीएसई पर 3,907.50 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे। बीएसई पर कंपनी पिछले 52 सप्ताह के दौरान 4,440 रुपये के उच्च स्तर तक जा चुकी है, वहीं इस अवधि में कंपनी के शेयर 3,288.65 रुपये के स्तर तक गोता भी लगा चुके हैं। शुक्रवार को स्टॉक मार्केट की क्लोजिंग होने के बाद कंपनी का मार्केट कैप 5.37 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

उल्लेखनीय है कि कंपनी का पिछले वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही (जनवरी से मार्च 2026) में नेट कंसोलिडेटेड प्रॉफिट वार्षिक आधार पर तीन प्रतिशत घट कर 5,326 करोड़ रुपये रहा। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 11 प्रतिशत बढ़ कर 82,762 करोड़ रुपये हो गया। यह कंपनी इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज सेक्टर के लिए काम करती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक