कुसुमगर लि. का आईपीओ 08 जुलाई को खुलेगा, प्राइस बैंड 398-419 रुपये प्रति शेयर

 




मुंबई, 03 जुलाई (हि.स)। सिंथेटिक फैब्रिक बनाने वाली कंपनी कुसुमगर लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 08 जुलाई को खुलेगा। निवेशक इसमें निवेश के लिए 10 जुलाई, 2026 तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 398-419 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

कंपनी ने शुक्रवार को यहां आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि कुसुमगर लिमिटेड का आईपीओ 08 जुलाई को खुलेगा और 10 जुलाई, 2026 को बंद होगा। इसमें निवेश के लिए एंकर निवेश 7 जुलाई को बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने इसके लिए लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 398-419 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

कुसुमगर लिमिटेड का आईपीओ 650 करोड़ रुपये का ऑफर फॉरसेल (ओएफएस) है। कंपनी के 1 रुपये अंकित मूल्य वाले इस इश्यू में निवेशक न्यूनतम 35 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 35 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं। कंपनी अपने पात्र कर्मचारियों के लिए 3.5 करोड़ रुपये के शेयर आरक्षित किए हैं, जो उन्हें अंतिम निर्गम मूल्य पर 39 रुपये प्रति शेयर की छूट पर प्राप्त होंगे। इसके शेयरों के अलॉटमेंट को 13 जुलाई तक अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। कंपनी के शेयर 15 जुलाई को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।

उल्लेखनीय है कि 1990 में स्थापित ये कंपनी बुने हुए लेपित और लेमिनेटेड सिंथेटिक कपड़ों की निर्माता है, जिन्हें इंजीनियर्ड कपड़े कहा जाता है। कुसुमगर लिमिटेड कंपनी पॉलियामाइड्स और पॉलिएस्टर फिलामेंट्स और पॉलीयूरेथेन रसायन विज्ञान पर ध्यान केंद्रित करते हुए इंजीनियर कपड़े और समाधान प्रदान करती है, जो अपने ग्राहकों की उच्च-प्रदर्शन आवश्यकताओं को पूरा करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर