कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वैलर्स लिमिटेड ने आईपीओ के लिए दाखिल किया डीआरएचपी
नई दिल्ली/मुंबई, 28 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की कंपनी कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वैलर्स लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए फंड जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।
सेबी के समक्ष जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार मध्य प्रदेश की कंपनी कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वैलर्स लिमिटेड के इस आईपीओ में 10 रुपये प्रति इक्विटी शेयर की फेस वैल्यू वाले 16,000,000 तक नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने लिए प्रस्तावित हैं।
कंपनी के मुताबिक यह ऑफर बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के जरिए लाया जा रहा है, जिसमें नेट ऑफर का 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदार (क्यूआईबी) को और इसमें नेट ऑफर का 15 फीसदी और 35 फीसदी से ज्यादा हिस्सा नॉन-संस्थागत बोलीदाता और खुदरा निवेशक को नहीं दिया जाएगा।
कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वैलर्स लिमिटेड की योजना 154.9 करोड़ रुपये की नेट आय का इस्तेमाल दो नए स्टोर खोलने (एक कोटा, राजस्थान में और दूसरा उज्जैन, मध्य प्रदेश में) के लिए कैपिटल खर्च को पूरा करने, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया कर्ज़ों का पूरा या आंशिक रूप से भुगतान या प्री-पेमेंट करने (50 करोड़ रुपये) और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करने की है।
उल्लेखनीय है कि 1996 में बनी ये कंपनी 'कटारिया ज्वैलर्स' ब्रांड नाम से एक ऑर्गनाइज़्ड ज्वैलरी रिटेलर है। इसका कामकाज मुख्य रूप से मध्य प्रदेश में है और यह सोने, प्लेटिनम और चांदी जैसी कीमती धातुओं से बनी ज्वैलरी बेचती है, जिसमें हीरे (पॉल्की/बिना कटे हीरे सहित) और कीमती तथा सेमी-कीमती पत्थर जड़े होते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर