कनोहर इलेक्ट्रिकल्स का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुला, एंकर निवेशकों से जुटाए 317 करोड़ रुपये
नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। ट्रांसफॉर्मर बनाने वाली कंपनी कनोहर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) सब्सक्रिप्शन के लिए मंगलवार को खुल गया है। इसमें निवेश करने के लिए निवेशक 10 सितंबर तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने एंकर निवेशकों से 317 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
स्टॉक एक्सचेंज पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक कनोहर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड ने एंकर निवेशकों से कुल 317 करोड़ रुपये जुटाए हैं। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) की वेबसाइट पर अपलोड किए गए एक सर्कुलर के अनुसार, कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को बताया कि उसने 42 फंड्स वाले एंकर निवेशकों को 632 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 50.11 लाख इक्विटी शेयर अलॉट किए हैं।
कंपनी के मुताबिक एंकर राउंड में हिस्सा लेने वाली कुछ संस्थाओं में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, अशोका व्हाइटओक इमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी फंड, एलियांज ग्लोबल इन्वेस्टर्स फंड, एचएसबीसी ग्लोबल इन्वेस्टमेंट फंड्स, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, कोटक म्यूचुअल फंड, मिरे एसेट म्यूचुअल फंड और मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड शामिल हैं।
कनोहर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के 1,056 करोड़ रुपये के 2 रुपये अंकित मूल्य वाले इस इश्यू में निवेश के लिए निवेशक न्यूनतम 23 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद कुल 23 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 601-632 रुपये प्रति शेयर तय किया है। निवेश के लिए यह इश्यू 10 सितंबर तक खुला रहेगा।
कंपनी नए शेयरों की बिक्री से प्राप्त धनराशि में से 64.1 करोड़ रुपये का इस्तेमाल पूंजीगत खर्च के लिए करेगी। इसके अलावा 155 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अतिरिक्त कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। वहीं, शेष राशि का सामान्य कामकाज के लिए रखी जाएगी। इसके शेयरों की लिस्टिंग एनएसई और बीएसई पर प्रस्तावित है।
उल्लेखनीय है कि कनोहर इलेक्ट्रिकल्स वित्त वर्ष 2025-26 में राजस्व के लिहाज से देश की प्रमुख ट्रांसफॉर्मर विनिर्माता कंपनियों में से एक है। कंपनी बिजली पारेषण, रेलवे, नवीकरणीय ऊर्जा और बिजली वितरण समेत विभिन्न क्षेत्रों को सेवाएं भी देती है। यह कंपनी जिनकी सेवा करती है, इनमें पावर ट्रांसमिशन, रेलवे, रिन्यूएबल एनर्जी और पावर सेक्टर शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर