कनोहर इलेक्ट्रिकल्स का आईपीओ 8 सितंबर को खुलेगा, प्राइस बैंड 601-632 रुपये प्रति शेयर

 


नई दिल्ली/मुंबई, 03 सितंबर (हि.स.)। ट्रांसफॉर्मर बनाने वाली कंपनी कनोहर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 8 सितंबर को खुलेगा। इसमें निवेश करने के लिए निवेशक 10 सितंबर तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 601-632 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

कनोहर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के 1,056 करोड़ रुपये के 2 रुपये अंकित मूल्य वाले इस इश्यू में निवेश के लिए निवेशक न्यूनतम 23 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद कुल 23 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं। कंपनी के मुताबिक इस इश्यू में 300 करोड़ रुपये तक के नए शेयर भी जारी किए जाएंगे। इसके अलावा प्रवर्तक के. संस फैमिली ट्रस्ट 1.2 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाएंगे, जिसकी कीमत मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर 756 करोड़ रुपये बैठती है।

कंपनी नए शेयरों की बिक्री से प्राप्त धनराशि में से 64.1 करोड़ रुपये का इस्तेमाल पूंजीगत खर्च के लिए करेगी। इसके अलावा कंपनी 155 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अतिरिक्त कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। वहीं, शेष राशि का सामान्य कामकाज के लिए रखी जाएगी। इसके शेयरों की लिस्टिंग एनएसई और बीएसई पर प्रस्तावित है।

कनोहर इलेक्ट्रिकल्स वित्त वर्ष 2025-26 में राजस्व के लिहाज से देश की प्रमुख ट्रांसफॉर्मर विनिर्माता कंपनियों में से एक है। कंपनी बिजली पारेषण, रेलवे, नवीकरणीय ऊर्जा और बिजली वितरण समेत विभिन्न क्षेत्रों को सेवाएं भी देती है। यह कंपनी जिनकी सेवा करती है, इनमें पावर ट्रांसमिशन, रेलवे, रिन्यूएबल एनर्जी और पावर सेक्टर शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर