त्योहारी सीजन से पहले सरकारी बफर स्टॉक से गुरुवार को प्याज पहुंचेगा कोलकाता
-'कांदा एक्सप्रेस' 24 सितंबर को बफर स्टॉक से प्याज लेकर कोलकाता पहुंचेगी
-केंद्र ने पश्चिम बंगाल में 35 रुपये किलो के भाव 1400 मीट्रिक टन प्याज बेचा
नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन से पहले पश्चिम बंगाल में प्याज की आपूर्ति बढ़ाने के प्रयासों के तहत मूल्य स्थिरीकरण कोष (पीएसएफ) के बफर स्टॉक से प्याज लेकर कांदा एक्सप्रेस गुरुवार, 24 सितंबर को कोलकाता पहुंचेगी।
उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में 1,400 मीट्रिक टन प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर उपलब्ध कराया है। त्योहारी सीजन में आम लोगों को राहत देने के लिए राज्य को और प्याज भेजा जाएगा।
मंत्रालय ने कहा कि सरकार पश्चिम बंगाल में प्याज की आपूर्ति बढ़ा रही है। मूल्य स्थिरीकरण कोष (पीएसएफ) सुरक्षित भंडार से प्याज लेकर आ रही 'कांदा एक्सप्रेस' 24 सितंबर को कोलकाता पहुंचने वाली है। इसके आगमन से बड़ी मात्रा में प्याज की तेजी से आवाजाही संभव होने और खासकर त्योहारों सीजन से पहले कोलकाता और आसपास के जिलों में इसकी उपलब्धता मजबूत होने की उम्मीद है।
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में एनएएफईडी और एनसीसीएफ की मोबाइल वैन के माध्यम से लगभग 1,400 मीट्रिक टन प्याज 35 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से वितरित किया जा चुका है। मंत्रालय ने कहा कि
कोलकाता जाने वाली कांदा एक्सप्रेस, रेल और सड़क परिवहन के हाइब्रिड नेटवर्क के माध्यम से पीएसएफ बफर स्टॉक से प्याज की सुनियोजित आपूर्ति चल रही रणनीति का हिस्सा है।
एनएएफईडी और एनसीसीएफ के जरिए बफर स्टॉक से लक्षित निपटान 24 अगस्त से शुरू हुआ, और बाजार की आवश्यकताओं के आधार पर देश के विभिन्न हिस्सों में आपूर्ति धीरे-धीरे भेजी जा रही है। कोलकाता में वर्तमान में 25 से अधिक स्थानों पर प्याज की खुदरा बिक्री की जा रही है, जिनमें मानिकतला मार्केट, कोले मार्केट, मेचुआ मंडी, रामपुरिया मार्केट और श्याम बाजार जैसे प्रमुख बाजार शामिल हैं।
मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार सुफल बंगला के माध्यम से बफर स्टॉक प्याज की खुदरा बिक्री की संभावना तलाश रही है, जिससे उपभोक्ताओं को प्याज की अतिरिक्त पहुंच मिलेगी और इस पहल का दायरा भी व्यापक होगा। वहीं, बफर स्टॉक से प्याज की आपूर्ति अबतक देशभर के 100 से अधिक शहरों में की जा चुकी है।
बफर स्टॉक हस्तक्षेप के बाद बाजार में उपलब्धता में सुधार का संकेत देते हुए 17 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में खुदरा प्याज की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं या उनमें गिरावट दर्ज की गई है। पिछले सप्ताह जिन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में प्याज की कीमतों में गिरावट आई है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु और बिहार शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर