लिस्टिंग के साथ ही मार्केट कैप के मामले में देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बनी जियो प्लेटफॉर्म्स
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार में आज रिलायंस ग्रुप की दिग्गज डिजिटल और दूरसंचार कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के शेयरों की शानदार लिस्टिंग होने के साथ ही एक नया इतिहास बन गया। लिस्टिंग होने के साथ ही जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड देश की दूसरी सबसे मूल्यवान (मोस्ट वैल्युएबल) कंपनी बन गई।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में अंबानी परिवार ने औपचारिक रूप से लिस्टिंग के प्रतीक स्वरूप गौंग (घंटी) बजा कर इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया। बाजार में लिस्ट होते ही कंपनी का मार्केट कैप 12.6 लाख करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े को पार कर गया। इस जबरदस्त वैल्यूएशन के साथ ही जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपनी पैरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के ठीक बाद भारत की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी होने का गौरव हासिल कर लिया।
इस ब्लॉकबस्टर लिस्टिंग का एक बड़ा असर यह भी हुआ है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज ग्रुप अब टाटा ग्रुप को पीछे छोड़ कर देश का सबसे वैल्यूएबल बिजनेस ग्रुप बन गया है। टेलिकॉम सेक्टर की बात करें, तो जियो प्लेटफॉर्म्स ने इस मामले में भारती एयरटेल को पछाड़ दिया है और अब यह भारत की सबसे अधिक वैल्यूएशन वाली टेलीकॉम कंपनी बन चुकी है। आईपीओ के तहत जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर 1,119 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज कंपनी के शेयर 21.36 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 1,358 रुपये पर लिस्ट हुए। इस लिस्टिंग के साथ ही कंपनी का वैल्यूएशन 12.60 लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार कर गया।
देश के इस सबसे बड़े आईपीओ को लेकर निवेशकों में गजब का उत्साह देखा गया था। 30,213 करोड़ रुपये का यह आईपीओ बंद होने तक 16.36 (एक्स एंकर) गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि खुलने के बाद सिर्फ 95 मिनट के भीतर ही यह पूरी तरह भर गया था। इस इश्यू के जरिए करीब 1.3 करोड़ से अधिक भारतीय निवेशकों ने कंपनी पर अपना भरोसा जताया, जो कि आवेदनों की संख्या के मामले में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। कंपनी को कुल मिलाकर 7.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड तोड़ बिड प्राप्त हुई थी।
इस बड़ी कामयाबी पर अपनी खुशी और कृतज्ञता जाहिर करते हुए ईशा अंबानी ने बताया कि जियो ने पिछले साल करीब 15.5 अरब डॉलर का रेवेन्यू हासिल किया है। सिर्फ दस वर्षों के सफर में यह मुकाम हासिल करना दुनिया भर की चुनिंदा कंपनियों के लिए ही संभव हो पाया है। आकाश अंबानी ने देश-विदेश के इंस्टीट्यूशनल और रिटले इन्वेस्टर्स के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाजार से मिला यह सपोर्ट उनकी उम्मीदों से कहीं बढ़कर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जियो आगे भी भारत के लिए एक ऐसा डिजिटल समाज बनाने की दिशा में काम करता रहेगा, जो हर नागरिक के लिए सुलभ और किफायती हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक