झारखंड का 2 मीट्रिक टन आम्रपाली आम पहुंचा दुबई, किसानों की बढ़ी आमदनी

 




- झारखंड के आम्रपाली आमों का दुबई के लुलु हाइपरमार्केट में किया गया निर्यात

नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स)। झारखंड के आकांक्षी जिले गुमला और आकांक्षी ब्लॉक देवघर से दुबई के लिए 2 मीट्रिक टन आम्रपाली आम का व्यावसायिक निर्यात किया गया है। इन आमों को राज्य की जनजातीय और महिला किसानों के समूह ने उपजाया है। ये आम गुमला और देवघर जिलों की महिला संचालित तीन किसान उत्पादक कंपनियों से खरीदे गए हैं। इस पहल से किसानों को स्थानीय बाजार की तुलना में लगभग 180 फीसदी अधिक मूल्य मिला है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने झारखंड से दो मीट्रिक टन आम्रपाली आम का व्यावसायिक निर्यात दुबई के लिए कराया है। आम की इस खेप का निर्यात मेसर्स फेयर एक्सपोर्ट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड ने दुबई में लुलु स्टोर्स में खुदरा बिक्री के लिए किया। मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि ये आम गुमला और देवघर जिलों की महिला संचालित तीन किसान उत्पादक कंपनियों से खरीदे गए हैं। इन कंपनियों का विकास बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत किया गया है। मंत्रालय ने कहा कि यह निर्यात आदिवासी और महिला किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ‘एक्स’ पर लिखा कि मोदी सरकार के प्रयासों से लगातार स्थानीय कृषि उत्पाद अब विदेशों में अपनी पहचान स्थापित करते जा रहे हैं। गोयल ने आगे कहा कि एपीडा के सहयोग से जनजातीय महिला किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से झारखंड स्थित गुमला तथा देवघर जैसे आकांक्षी जिलों और ब्लॉकों के आम्रपाली आम अब दुबई के बाजारों में अपने स्वाद से अलग पहचान बना रहे हैं।

यह पहल झारखंड के बागवानी क्षेत्र की बढ़ती निर्यात क्षमता को उजागर करती है और क्षमता निर्माण, बाजार संपर्कों और निर्यात सुविधा के माध्यम से महिला-नेतृत्व वाले किसान संघों को मजबूत करने के लिए एपीईडीए के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर