त्योहारी सीजन और मेगा इश्यू के दबाव से प्राइमरी मार्केट पर लगा ब्रेक, जल्द लौटेगी प्राइमरी मार्केट की रौनक
नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार के प्राइमरी मार्केट में सितंबर और अक्टूबर के दौरान जबरदस्त हलचल देखने को मिली। इन दोनों महीनों के दौरान कंपनियों ने आईपीओ के जरिए निवेशकों से बड़ी रकम जुटाई। लेकिन नवंबर की शुरुआत होते ही इस रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गया है। इस महीने के शुरुआती 12 दिनों में अब तक कोई नया मेनबोर्ड आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए नहीं खुला है। हालांकि अभी भी 123 कंपनियां ऐसी हैं, जिन्हें मार्केट रेगुलेटर सेबी की ओर से आईपीओ लाने की मंजूरी मिल चुकी है और वे सेकेंड्री मार्केट में सही माहौल बनने का इंतजार कर रही हैं।
प्राइमरी मार्केट के लिए सितंबर और अक्टूबर का महीना काफी शानदार रहा था। सितंबर में कुल 34 कंपनियों ने आईपीओ के जरिए 39,381 करोड़ रुपये जुटाए। इसमें नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आईपीओ की अहम भूमिका रही। अकेले इस इश्यू से 22,563 करोड़ रुपये जुटाए गए।
अक्टूबर में आईपीओ बाजार ने सितंबर का आंकड़ा भी पीछे छोड़ दिया। इस दौरान 13 कंपनियों ने कुल 44,506 करोड़ रुपये जुटाए। इस तरह दोनों महीनों में कंपनियों ने मिलकर 83,887 करोड़ रुपये की पूंजी बाजार से हासिल की। अक्टूबर की फंडिंग में सबसे बड़ा योगदान जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ का रहा। कंपनी ने इस इश्यू के जरिए 30,188 करोड़ रुपये जुटाए। यह भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ बना। इससे पहले ह्युंडई मोटर इंडिया का 27,859 करोड़ रुपये का आईपीओ इस मामले में सबसे आगे था।
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 से 23 अक्टूबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। कंपनी ने शेयर का इश्यू प्राइस 1,119 रुपये तय किया था। 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में इसकी लिस्टिंग हुई। शेयर ने करीब 21.4 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 1,358 रुपये पर कारोबार शुरू किया। इतने बड़े आईपीओ में निवेशकों की भारी भागीदारी ने एक तरफ भारतीय पूंजी बाजार की क्षमता दिखाई, वहीं दूसरी तरफ इसका असर दूसरे प्रस्तावित आईपीओ पर भी पड़ा। कई कंपनियों और उनके मर्चेंट बैंकरों ने अपने इश्यू की लॉन्चिंग को इसकी वजह से ही आगे बढ़ाना बेहतर समझा।
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी बड़े आईपीओ के बाजार में आने पर निवेशकों की बड़ी रकम उसमें लग सकती है। ऐसे में छोटे और मध्यम आकार की कंपनियों के लिए पर्याप्त संख्या में निवेशक जुटाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे वक्त पर पर्याप्त संख्या में निवेशकों के नहीं जुट पाने से इश्यू फ्लॉप भी हो सकता है। यही कारण है कि कई कंपनियां जियो के इश्यू के दौरान बाजार में उतरने से बचती रहीं।
हालांकि, बाजार के जानकारों का कहना है कि इसे प्राइमरी मार्केट के प्रति निवेशकों की घटती दिलचस्पी नहीं मानना चाहिए। इसकी एक वजह त्योहारी सीजन रहा है। त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद आने वाले दिनों में प्राइमरी मार्केट की गतिविधियां फिर बढ़ने की उम्मीद है।
खुराना सिक्योरिटीज एंड फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ रवि चंदर खुराना का कहना है कि नवंबर में आईपीओ एक्टिविटी कम रहने की एक बड़ी वजह त्योहारों का सीजन है। इस दौरान कंपनियों, इन्वेस्टमेंट बैंकरों और संस्थागत निवेशकों की कई बैठकें टल जाती हैं। बाजार से जुड़े लोगों की उपलब्धता भी कम रहती है। ऐसे में आईपीओ की तैयारी और लॉन्चिंग की प्रक्रिया प्रभावित होती है। उनका मानना है कि बाजार का सेंटिमेंट कमजोर नहीं हुआ है। निवेशकों की दिलचस्पी भी बनी हुई है इसलिए मौजूदा सुस्ती को स्थायी गिरावट के रूप में देखना सही नहीं होगा।
नवंबर में आईपीओ बाजार की अगली बड़ी हलचल क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन के इश्यू से शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी का करीब 550 करोड़ रुपये का आईपीओ 18 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। इस इश्यू के बाजार में आने के बाद दूसरे प्रस्तावित आईपीओ की लॉन्चिंग को लेकर भी तस्वीर साफ हो सकती है। हालांकि, आगे कितनी कंपनियां बाजार में उतरेंगी, यह काफी हद तक बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। हालांकि नवंबर के बाद साल के आखिरी महीने दिसंबर में एक बार फिर आईपीओ बाजार (प्राइमरी मार्केट) की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। दिसंबर के दौरान छुट्टियों और विदेशी संस्थागत निवेशकों की सालाना कारोबारी गतिविधियों के चलते नए इश्यू की लॉन्चिंग प्रभावित होने की आशंका है।
आने वाले महीनों में आईपीओ बाजार के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात कंपनियों की लंबी कतार है। पिछले 12 महीनों में 123 कंपनियों को मार्केट रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) से आईपीओ लाने की मंजूरी मिल चुकी है। ये कंपनियां बाजार की परिस्थितियां अनुकूल होने का इंतजार कर रही हैं। इसका मतलब साफ है कि आने वाले समय में निवेशकों को कई नए आईपीओ में पैसा लगाने का मौका मिल सकता है।
हालांकि, सेबी की मंजूरी मिलने का यह अर्थ भी नहीं है कि सभी कंपनियां तुरंत अपना इश्यू लॉन्च कर देंगी। कंपनियों को इसके लिए सही समय, निवेशकों की मांग और बाजार में उपलब्ध पूंजी को भी ध्यान में रखना होगा। आईपीओ लाने वाली कंपनियां चाहती हैं कि उन्हें अपने शेयरों का उचित मूल्य मिले और इश्यू को निवेशकों से अच्छा रिटर्न भी मिल जाए।
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि आने वाले दिनों में आईपीओ की सफलता केवल कंपनियों की कारोबारी योजनाओं पर निर्भर नहीं करेगी। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और कंपनियों की ओर से तय की जाने वाली वैल्यूएशन भी इसमें अहम भूमिका निभाएगी। यदि सेकेंडरी मार्केट में स्थिरता बनी रहती है और संस्थागत निवेशकों की भागीदारी मजबूत रहती है तो कई कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च करने का फैसला ले सकती हैं। इसके विपरीत बाजार में बड़ी गिरावट या अनिश्चितता आने पर कंपनियां अपने इश्यू टाल भी सकती हैं।
निवेशकों के लिए भी फिलहाल यह समय सतर्क रहने का है। लगातार आईपीओ आने या किसी बड़े इश्यू को शानदार सब्सक्रिप्शन मिलने का मतलब यह नहीं है कि हर नए आईपीओ में मुनाफे की गारंटी है। कंपनियों की वित्तीय स्थिति, कारोबार की संभावनाओं, कर्ज और इश्यू की वैल्यूएशन को समझना जरूरी है।
मार्केट एक्सपर्ट फिलहाल भारतीय आईपीओ बाजार में आई सुस्ती को एक अस्थायी विराम के तौर पर देख रहे हैं। मार्केट में 123 कंपनियों की लंबी कतार और मजबूत निवेशक आधार को देखते हुए आने वाले महीनों में प्राइमरी मार्केट में फिर से बड़ी हलचल की संभावना बनी हुई है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी हैं कि बाजार की परिस्थितियां कितनी जल्दी कंपनियों को अपने आईपीओ लॉन्च करने का मौका देती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक