इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट एंड लॉजिस्टिक अथॉरिटी का गठन देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा : खंडेलवाल

 


नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कारोबारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट एंड लॉजिस्टिक्स अथॉरिटी (आईटीएलए) एसपीवी के गठन को मंजूरी मिलने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे विकसित भारत, गति शक्ति और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के विजन को मजबूत करने वाला एक ऐतिहासिक निर्णय बताया है।

उन्होंने कहा कि इससे देश के व्यापार एवं उद्योग को भी बड़ा लाभ होगा। भारत की आर्थिक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने, सप्लाई चेन को अधिक सक्षम बनाने तथा परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण है। कैट महामंत्री ने कहा कि वर्तमान में देश में सड़क, रेल, बंदरगाह, हवाई परिवहन तथा वेयरहाउसिंग से जुड़े विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वय की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी, इसलिए आईटीएलए का गठन इस दिशा में एक प्रभावी इंफ्रास्ट्रक्चर व्यवस्था प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि भारत में लॉजिस्टिक्स लागत को वैश्विक मानकों के अनुरूप कम करना समय की जरूरत है। लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आने से भारतीय उत्पाद घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अधिक प्रतिस्पर्धी बनेंगे, निर्यात को बढ़ावा मिलेगा तथा व्यापार एवं उद्योग की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे विशेष रूप से एमएसएमई, छोटे उद्योगों, स्टार्टअप्स, किसानों और व्यापारियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईटीएलए देश में माल परिवहन को अधिक तेज, सस्ता और कुशल बनाएगा, जिससे व्यापार करने की लागत घटेगी, निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और भारत को एक वैश्विक विनिर्माण एवं व्यापारिक केंद्र बनाने के लक्ष्य को बल मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर