इंडिगो ने सरकार के एटीएफ के मूल्य स्थिरीकरण कोष का किया स्वागत
- केंद्र ने 10 हजार करोड़ रुपये के एटीएफ मूल्य स्थिरीकरण कोष को दी मंजूरी
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स)। देश की बजट एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने पश्चिम एशिया संकट के बीच केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा भारतीय विमानन कंपनियों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) के मूल्य स्थिरीकरण कोष को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है।
कंपनी ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा, “हम भारत सरकार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के आभारी हैं कि उन्होंने शेड्यूल्ड भारतीय एयरलाइंस के लिए एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों को स्थिर रखने में मदद देने की घोषणा की है।
इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि सरकार का यह समय पर उठाया गया कदम एक स्वागत योग्य राहत है। यह दर्शाता है कि सरकार इस बात को अच्छी तरह समझती है कि लोगों को आपस में जोड़ने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में एविएशन की कितनी अहम भूमिका है। साथ ही, यह ऐसा माहौल भी तैयार करता है जिससे एयरलाइंस यात्रियों को बेहतर सेवा दे सकें और भारत को एक वैश्विक एविएशन हब बनाने की दिशा में अपना योगदान दे सकें।”
उल्लेखनीय है कि सरकार ने भारतीय एयरलाइंस के लिए एटीएफ की कीमतों को स्थिर करने में मदद करने के लिए 10 हजार रुपये के बजटीय सहायता पैकेज को मंजूरी दी है। सरकार ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है, जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। एविएशन सेक्टर को बचाने के लिए डिजाइन यह फंड ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) को ब्याज-मुक्त एडवांस देता है, ताकि भारतीय एयरलाइंस के लिए जेट फ्यूल की कीमतों को स्थिर रखा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर