इंडिगो 6 अक्टूबर से घरेलू, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर बढ़ाएगी ईंधन अधिभार
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। देश की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ईंधन अधिभार बढ़ाने की ऐलान किया है। संशोधित शुल्क 6 अक्टूबर से लागू होंगे, जिससे हवाई किराये में बढ़ोतरी होगी।
विमानन कंपनी इंडिगो ने सोमवार को कहा कि घरेलू उड़ानों के लिए दूरी के आधार पर ईंधन अधिभार में 100 रुपये से 350 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी ईंधन अधिभार बढ़ाया गया है। इंडिगो ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है और हाल में मासिक आधार पर वृद्धि 14 फीसदी से अधिक रही है। कंपनी ने कहा कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की लागत पिछले एक दशक के दौरान के सबसे ऊंचे स्तरों में पहुंच गई है।
कंपनी ने कहा कि विमान ईंधन, विमानन कंपनियों की परिचालन लागत का एक अहम हिस्सा है। एटीएफ की कीमतों में इस बढ़ोतरी से इंडिगो समेत सभी विमानन कंपनियों की लागत संरचना और नेटवर्क से जुड़ी आर्थिक स्थिति प्रभावित होने की आशंका है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए उसने अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ईंधन अधिभार में मामूली बदलाव किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर