भारतीय दल अगले हफ्ते जाएगा वॉशिंगटन, ट्रेड डील और नए टैरिफ पर होगी बात

 


नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स)। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील पर फिर से बातचीत शुरू हो गई है। नए टैरिफ ढांचे और ट्रेड डील को फाइनल करने के लिए अगले सप्ताह एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिका का दौरा करेगा। दोनों देशों के व्यापार अधिकारियों के बीच यह द्विपक्षीय बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि भारत और अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के रूपरेखा को अंतिम रूप दे चुके हैं।

दोनों देशों के बीच इस समझौते पर पहले मार्च में हस्ताक्षर होने थे, लेकिन अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के बाद शुल्क संरचना में हुए बदलाव से स्थिति बदल गई है। इस समझौते पर अब अमेरिका की नई वैश्विक शुल्क संरचना लागू होने के बाद ही हस्ताक्षर किए जाएंगे। भारत और अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण की रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा फरवरी में की थी। उस रूपरेखा के अनुसार अमेरिका ने भारत पर 18 फीसदी तक टैरिफ घटाने पर सहमति जताई थी।

इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने 24 फरवरी से 150 दिन के लिए सभी देशों पर 10 फीसदी शुल्क लगाया है। इन बदलावों के मद्देनजर भारत और अमेरिका के मुख्य वार्ताकारों के बीच होने वाली बैठक पिछले महीने स्थगित कर दी गई थी। भारत ने इस समझौते को जब अंतिम रूप दिया था, तब वह अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर स्थिति में था। अब अमेरिका के सभी व्यापारिक साझेदार एक समान 10 फीसदी शुल्क का सामना कर रहे हैं।

अगले हफ्ते होने वाली बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अमेरिका धारा 301 के तहत दो जांच कर रहा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) ने 12 मार्च को धारा 301 के तहत जांच शुरू की, जिसमें भारत और चीन सहित 60 अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर