(लीड) भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल चीन दौरे पर, नए व्यापारिक अवसरों पर हुई चर्चा

 




शंघाई, 31 मार्च (हि.स)। शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के कॉर्पोरेट प्रतिनिधिमंडल के साथ एक उच्च-स्तरीय व्यापार गोलमेज सम्मेलन का आयोजन किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य वैश्विक व्यापारिक साझेदारी को मजबूत करना और भारत-चीन के बीच सतत आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

इस उच्च-स्तरीय व्यापार गोलमेज सम्मेलन का उद्घाटन भारत के महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने यहां आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और भारत की उल्लेखनीय आर्थिक विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। माथुर ने बताया कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरना जारी रखे हुए है और यहां की जनसांख्यिकी दुनिया में सबसे युवा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों और निवेश के लिए अपार अवसर पैदा हो रहे हैं।

अपने संबोधन के दौरान प्रतीक माथुर ने कई उभरते क्षेत्रों में भारत की बढ़ती संभावनाओं पर जोर दिया, जिनमें नई और नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे का विकास, साथ ही सूचना और प्रौद्योगिकी उद्योग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये क्षेत्र, टिकाऊ विकास की तलाश कर रही भारतीय और वैश्विक कंपनियों के बीच सहयोग के लिए महत्वपूर्ण क्षमता प्रदान करते हैं।

भारतीय चैंबर्स ऑफ कॉमर्स का एक प्रतिनिधिमंडल इस समय चीन के दौरे पर है, जहां वे अपने चीनी समकक्षों के साथ बातचीत करेंगे। पांच वर्षों तक संबंधों में रही ठहराव के बाद यह अपनी तरह का पहला ऐसा दौरा है। ये पहला भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल है जिसने चीन का दौरा किया है। यह दौरा दोनों देशों द्वारा पिछले साल अपने द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने के बाद हुआ है, जो 2020 में पूर्वी लद्दाख में सैन्य गतिरोध के बाद पाँच साल से अधिक समय तक चले अंतराल के बाद संभव हो पाया है।

इस उच्च-स्तरीय व्यापार गोलमेज सम्मेलन में चीनी पक्ष की ओर से भी उच्च-स्तरीय भागीदारी देखने को मिली। इसमें मुख्य रुप से एचएसबीसी और वूशी प्रौद्योगिकी विकास निगम जैसी अग्रणी कंपनियां और वित्तीय संस्थान शामिल थे। उनकी भागीदारी ने उभरते उद्योगों और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में भारतीय कंपनियों के साथ सहयोग का विस्तार करने में उनकी गहरी रुचि को दर्शाया।

उल्लेखनीय है कि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली पीएचडी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) का एक प्रतिनिधिमंडल 29 मार्च से 4 अप्रैल तक शंघाई और चीन के जियांग्सू प्रांतके दौरे पर है। यह चीन के सबसे अधिक विकसित औद्योगीकृत क्षेत्रों में से एक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर