भारत अगामी वित्त वर्ष में दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा: सान्याल

 




नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (पीएमईएसी) के सदस्य संजीव सान्याल ने गुरुवार को कहा कि भारत वित्त वर्ष 2024-25 में चार हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था होगा। उन्होंने कहा कि भारत अगले वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत में ही जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

संजीव सान्याल ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि कमजोर निर्यात समेत विभिन्न चुनौतियों को देखते हुए देश के लिए सात फीसदी की आर्थिक वृद्धि दर अच्छी वृद्धि दर होगी।

उल्लेखनीय है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में कहा था कि भारत 2027 तक जापान और जर्मनी को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। दरअसल भारत अभी अमेरिकी डॉलर के संदर्भ में दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। बाजार मूल्य पर अर्थव्यवस्था का आकार करीब 3,700 अरब डॉलर है।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रजेश शंकर/प्रभात