भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप दिए जाने के करीब : रूबियो

 




नई दिल्ली, 24 मई (हि.स)। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने रविवार को कहा कि भारत और अमेरिका लंबे समय से लंबित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि ये समझौता दोनों देशों के लिए ‘‘लाभकारी’’ और ‘‘टिकाऊ’’ होगा तथा भारत-अमेरिका के पारस्परिक हितों को आगे बढ़ाएगा।

भारत की 4 दिवसीय यात्रा पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बातचीत के बाद रूबियो ने कहा कि ये समझौता दोनों देशों के लिए फायदेमंद और लंबे समय तक टिकाऊ होगा।

अमेरिकी विदेशं मंत्री मार्को रूबियो और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बीच व्यापार, दुर्लभ खनिज, ऊर्जा और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। रूबियो ने कहा, विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर बहुत बढ़िया और समझदार आदमी हैं, जिनके लिए मेरे मन में बहुत इज़्ज़त और सम्मान है।

रूबियो ने कहा, ‘‘हमने काफी प्रगति की है और मुझे लगता है कि अमेरिका और भारत के बीच ऐसा व्यापार समझौता होगा, जो लंबे समय तक कायम रहेगा, यह समझौता दोनों पक्षों के लिए लाभकारी होगा और राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखेगा।’’ उन्होंने बताया कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की व्यापार नीति किसी खास देश को निशाना बनाने के लिए नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य वैश्विक व्यापार व्यवस्था के प्रति अमेरिका के दृष्टिकोण को संतुलित करना है।

अमेरिकी विदेश मंत्री की यह पहली भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है जब पिछले एक वर्ष में व्यापार और शुल्क नीतियों को लेकर दोनों देशों के संबंधों में तनाव देखने को मिला।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर