भारत को मजबूत और वैश्विक स्तर पर जुड़ी हुई हेल्थकेयर सप्लाई चेन बनानी चाहिए: गोयल

 






नई दिल्ली, 06 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि भारत को मजबूत और वैश्विक स्तर पर जुड़ी हुई स्वास्थ्य देखभाल सप्लाई चेन बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया के भरोसेमंद हेल्थकेयर पार्टनर के तौर पर अपनी को स्थिति मजबूत करनी चाहिए और जेनेरिक दवाओं में मिली सफलता से आगे बढ़कर ज़्यादा रिसर्च, डेवलपमेंट और इनोवेशन की दिशा में बढ़ना चाहिए।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में स्थित भारत मंडपम में आयोजित 'भारत हेल्थ ग्लोबल एक्सपो 2026' के उद्घाटन अवसर पर अपने में कहा कि भारत को मजबूत और वैश्विक स्तर पर जुड़ी हुई हेल्थकेयर सप्लाई चेन बनानी चाहिए। मंत्री ने कहा कि भारत के फार्मास्युटिकल सेक्टर के पास दुनिया के सामने अपनी क्षमताएं दिखाने का एक बड़ा मौका है और 'दुनिया की फार्मेसी' के तौर पर पहचाने जाने वाले इस देश को और भी बड़े और बेहतर भविष्य का लक्ष्य रखना चाहिए।

भारत हेल्थ ग्लोबल एक्सपो 2026' में सप्लाई चेन में मजबूती और लचीलेपन के महत्व पर जोर देते हुए गोयल ने कहा कि दुनिया अब ऐसी सप्लाई चेन की तलाश में है जो मुश्किल हालात का सामना कर सकें। वाणिज्य मंत्री ने बताया कि उन्हें एक या दो जगहों पर बहुत ज़्यादा भौगोलिक निर्भरता या ऐसी सप्लाई चेन पसंद नहीं हैं जिनका हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके।

गोयल ने आगे कहा कि, आज भारत को एक मशहूर ग्लोबल फ़ार्मेसी के तौर पर पहचाना जाता है, जिसे अक्सर 'दुनिया की फार्मेसी' कहा जाता है। कई संगठनों ने अक्सर ग्लोबल कम्युनिटी के सामने हमारी खूबियों को उजागर किया है। इस बार, पूरी हेल्थकेयर इंडस्ट्री को एक साथ लाने की कोशिश की गई है ताकि दुनिया हमारी क्षमताओं को सही मायने में समझ सके। यह एक नई और सफल पहल है; समय के साथ, यह दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थकेयर प्रदर्शनी बनने की राह पर है...।

उल्लेखनीय है कि गोयल के अलावा वाणिज्य और उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल के साथ इस एक्सपो में भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर