ब्रिक्स युवा ऊर्जा शिखर सम्मेलन में ऊर्जा सुरक्षा, तकनीकी नवाचार पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। भारत ने अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत आठवें ब्रिक्स युवा ऊर्जा शिखर सम्मेलन 2026 की वर्चुअल माध्यम से मेजबानी की। इस सम्मेलन में ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
विद्युत मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में बताया कि भारत ने ब्रिक्स की अपनी अध्यक्षता में 17 अगस्त को आठवें ब्रिक्स युवा ऊर्जा शिखर सम्मेलन 2026 की वर्चुअल मेजबानी की। इस शिखर सम्मेलन में शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी संस्थानों और ब्रिक्स सदस्य देशों के ऊर्जा मंत्रालयों के युवा ऊर्जा पेशेवरों सहित 100 से ज्यादा प्रतिभागियों ने भाग लिया। सम्मेलन में ब्रिक्स युवा ऊर्जा एजेंसी (ब्रिक्स वाईईए) के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सस्टेनेबल एनर्जी फॉर ऑल (एसईफॉरएएल), इंटरनेशनल सोलर अलायंस (आईएसए) और इंटरनेशनल रिन्यूएबल एनर्जी एजेंसी (आईआरईएनए) जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
मंत्रालय ने कहा कि शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स ऊर्जा सहयोग के केंद्र में युवाओं को रखा गया और नवाचार, उद्यमिता, तकनीकी उन्नति और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के प्रेरक के रूप में उनकी भूमिका को मान्यता दी गई। सम्मेलन की चर्चाओं में ब्रिक्स देशों के युवा पेशेवरों, शिक्षाविदों, सरकारी संस्थानों और उद्योग जगत के बीच सहयोग को मजबूत करने के महत्व पर भी बल दिया गया।
विद्युत मंत्रालय ने बताया कि आठवें ब्रिक्स युवा ऊर्जा शिखर सम्मेलन ने सभी के लिए ऊर्जा की परिकल्पना के अनुरूप, ऊर्जा सहयोग को आगे बढ़ाने और एक सुरक्षित, टिकाऊ, समावेशी तथा भविष्य के लिए ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने में ब्रिक्स देशों के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की पुष्टि की।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर