देश का विदेशी मुद्रा भंडार 12.95 अरब डॉलर घटकर 734.61 अरब डॉलर पर

 


नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार चौथे हफ्ते गिरावट दर्ज हुई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार दो अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह में 12.95 अरब डॉलर घटकर 734.61 अरब डॉलर रहा। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 25 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 18.34 अरब डॉलर घटकर 747.56 अरब डॉलर रहा था।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को बताया कि दो अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह में देश के विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 10.66 अरब डॉलर घटकर 604.75 अरब डॉलर रहीं। इस दौरान स्वर्ण भंडार का भी मूल्य 2.29 अरब डॉलर घटकर 106.41 अरब डॉलर रहा। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 15 लाख डॉलर बढ़कर 18.66 अरब डॉलर हो गया है। अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित जमा 1.5 करोड़ डॉलर घटकर 4.79 अरब डॉलर रहा।

उल्लेखनीय है कि चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार अब तक के उच्चतम स्तर के रिकॉर्ड 785.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर