भारत-अफगानिस्तान व्यापार, कस्टम और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर सहमत

 




दोनों देशों के बीच व्यापार सहयोग मजबूत करने के उपायों को लेकर बैठक

नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। भारत और अफगानिस्तान संयुक्त कार्य समूह ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार एवं आर्थिक सहयोग और मजबूत करने के उपायों की समीक्षा के लिए वर्चुअल माध्यम से बैठक की। संयुक्त कार्यसमूह ने इस बैठक में व्यापार सुगमता, सीमा शुल्क सहयोग, संपर्क और निवेश पर चर्चा की।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि व्यापार, वाणिज्य और निवेश पर भारत और अफगानिस्तान संयुक्त कार्यसमूह (जेडब्ल्यूजी) की बैठक मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। जिसमें द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को सुदृढ़ करने के उपायों की समीक्षा की गई। बैठक में दोनों देशों ने वाणिज्यिक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए आगे की कार्यवाहियों पर सहमति व्यक्त की।

मंत्रालय के मुताबिक बैठक में भारत और अफगानिस्तान के अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें वाणिज्य, उद्योग, सीमा शुल्क, नियामक प्राधिकरणों और राजनयिक मिशनों के प्रतिनिधि शामिल थे। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग से संबंधित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की और व्यापार को पहले से अधिक सुविधाजनक बनाने तथा दोनों देशों के बीच वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। चर्चा में व्यापार सुगमता और सीमा शुल्क सहयोग, अफगान व्यापारियों के लिए वीजा सुगमता, बैंकिंग एवं वित्तीय सहयोग, दवा एवं कृषि व्यापार, ऊर्जा सहयोग, निवेश एवं व्यापार संवर्धन, टैरिफ रियायतें, कार्गो कनेक्टिविटी और बंदरगाह से संबंधित मुद्दे शामिल थे।

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्ष संस्थागत सहयोग को मजबूत करने और चिन्हित क्षेत्रों में आगे की कार्यवाही करने पर सहमत हुए, जिनमें सीमा शुल्क और डेटा-साझाकरण सहयोग को बढ़ाना, फार्मास्यूटिकल्स और कृषि में नियामक सहयोग, व्यापार संपर्क में सुधार और निवेश तथा व्यापार-से-व्यापार जुड़ाव को बढ़ावा देना शामिल है। यह बैठक सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक वातावरण में संपन्न हुई। दोनों पक्षों ने भारत-अफगानिस्तान व्यापार, वाणिज्य और निवेश संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की और प्रमुख मुद्दों पर निरंतर संवाद बनाए रखने पर सहमति जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर