वित्त वर्ष 2025–26 में देश के 200 खनिज ब्लॉकों की हुई नीलामी
नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स)। देश के खनिज क्षेत्र ने वित्त वर्ष 2025–26 में 200 खनिज ब्लॉकों की सफल नीलामी के साथ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, जो एक ही साल में अब तक की सबसे अधिक नीलामी है।
खान मंत्रालय के मुताबिक नीलाम किए गए कुल 200 ब्लॉकों में से 123 खनन पट्टा (एमएल) ब्लॉक और 77 समग्र लाइसेंस (सीएल) ब्लॉक हैं। इसके अतिरिक्त 70 खनिज ब्लॉकों (38 एमएल और 32 सीएल) के लिए निविदा आमंत्रण (एनआईटी) वर्तमान में जारी हैं, जिससे मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान सफल नीलामियों की कुल संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है।
इन नीलामियों में विभिन्न प्रकार के खनिज शामिल थे। चूना पत्थर के 76 ब्लॉक नीलाम किए गए। इसके बाद लौह अयस्क के 40 ब्लॉक रहे। बॉक्साइट के 30 ब्लॉक नीलाम किए गए। इस वर्ष की एक प्रमुख उपलब्धि 22 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की सफल नीलामी है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक और महाराष्ट्र ने इन ब्लॉकों की पेशकश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें क्रमशः 5, 4, 4, 3 और 2 ब्लॉकों का योगदान रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर