एचयूएल का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 21 फीसदी बढ़कर 2,994 करोड़ रुपये

 




नई दिल्ली, 30 अप्रैल (हि.स)। दैनिक उपयोग की घरेलू वस्तुएं (एफएमसीजी) बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। एचयूएल का जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 21 फीसदी बढ़कर 2,994 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में शुद्ध लाभ 2,475 करोड़ रुपये रहा था।

एचयूएल ने गुरुवार को आय का विवरण देते बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में उत्पादों की बिक्री से प्राप्त राजस्व 8.13 फीसदी बढ़कर 16,172 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान कुल खर्च 7.2 फीसदी बढ़कर 16,615 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कंपनी की अन्य आय सहित कुल आय 5.01 फीसदी बढ़कर 16,580 करोड़ रुपये रही, जो 12 तिमाहियों में उसकी सबसे तेज वृद्धि है।

एचयूएल ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड का शुद्ध लाभ 15,059 करोड़ रुपये रहा है, जिसमें ‘न्यूट्रिशनलैब’ के विनिवेश से सहायता मिली। इस दौरान कंपनी की कुल आय 4.6 फीसदी बढ़कर 65,219 करोड़ रुपये हो गई।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक प्रिया नायर ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 में अनुकूल व्यापक आर्थिक नीतियों के कारण मांग का माहौल बेहतर रहा।’’ उन्होंने बताया कि कंपनी ने वृद्धि को तेज करने के लिए खंड को मजबूत करने, निवेश बढ़ाने, मांग सृजन क्षमताओं को सुदृढ़ करने और संगठन को सरल बनाने जैसे कदम उठाए हैं।

नायर ने कहा कि बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के कारण जिंसों और मुद्रा में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अनुशासित बचत, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और संतुलित मूल्य निर्धारण के जरिए इन चुनौतियों से निपट रहे हैं।’’ नायर ने कहा कि ’’भविष्य में हमारी मजबूत ब्रांड स्थिति, वित्तीय आधार और परिचालन दक्षता हमें इस अस्थिर माहौल में आगे बढ़ने में मदद करेगी।’’

उल्लेखनीय है कि हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड भारत की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी है। यह 90 वर्षों से अधिक समय से भारतीय उपभोक्ताओं की सेवा कर रही है। ये कंपनी देश के 10 में से 9 घरों तक अपने कम-से-कम एक या अधिक ब्रांड को पहुंचाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर