हिंदुस्तान कॉपर की ओएफएस संस्थागत निवेशकों के लिए खुली, फ्लोर प्राइस 514 रुपये प्रति शेयर

 


नई दिल्ली, 25 अगस्त (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) में छह फीसदी तक हिस्सेदारी बेचने के लिए सरकार की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शेयर बाजार में मंगलवार को संस्थागत निवेशकों के लिए खुल गई। इसके लिए न्यूनतम कीमत 514 रुपये प्रति शेयर तय है।

सरकार ने एसचीएल में ऑफर फॉर सेल के जरिए छह फीसदी हिस्सेदारी बेचने के लिए न्यूनतम कीमत (फ्लोर प्राइस) 514 रुपये प्रति शेयर तय की गई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर कंपनी का शेयर आज 6.37 फीसदी टूटकर 537 रुपये पर आ गया।

इस दो दिवसीय ओएफएस के जरिये सरकार हिंदुस्तान कॉपर के 5.80 करोड़ से अधिक शेयर यानी छह फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी। इसमें तीन फीसदी का ‘ग्रीनशू’ विकल्प भी शामिल है। इसके शेयर की बिक्री 514 रुपये प्रति शेयर की न्यूनतम कीमत पर की जाएगी, जो शेयर की मौजूदा कीमत से लगभग 10.5 फीसदी डिस्काउंट पर है। इसमें खुदरा निवेशकों के लिए 10 फीसदी हिस्सा रिजर्व रखा गया है।

एचसीएल के इस शेयर बिक्री से सरकारी खजाने में करीब 3 हजार करोड़ रुपये आने की उम्मीद है। इसमें निवेश करने के लिए खुदरा निवेशकों के लिए बोली बुधवार को खुलेगी। न्यूनतम कीमत हिंदुस्तान कॉपर के सोमवार के 573.55 रुपये के बंद भाव से 10.38 प्रतिशत कम है।

उल्लेखनीय है कि सरकार के पास वर्तमान में हिंदुस्तान कॉपर में 66.14 फीसदी हिस्सेदारी है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) में विनिवेश के जरिये 52,716 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर