जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक 12 सितंबर को नई दिल्ली में होगी

 


नई दिल्ली, 29 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक 12 सितंबर को होगी। ये बैठक करीब एक साल बाद होने जा रही है। नई दिल्ली में आयोजित होने जा रही इस बैठक में आईटीसी से जुड़े मामलों में राहत और नियमों में बदलाव पर विचार संभव है।

परिषद सचिवालय की ओर से शनिवार को जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक नई दिल्ली में 11 बजे से आयोजित होनी है। इससे एक दिन पहले 11 सितंबर को अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक में ऐसे कारोबारियों के लिए जीएसटी पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल करने पर चर्चा होने की संभावना है, जो हर महीने 2.5 लाख रुपये से अधिक का ‘कर क्रेडिट’ आगे देते हैं। फिलहाल देश में करीब 1.68 करोड़ कारोबार जीएसटी के तहत पंजीकृत हैं।

जीएसटी परिषद की बैठक एक साल से अधिक समय के बाद होने जा रही है। इससे पहले जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक तीन-चार सितंबर, 2025 को हुई थी। बैठक में केंद्र और राज्यों ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों और कर स्लैब में कई बड़े बदलाव का फैसला किया था।

उल्लेखनीय है कि 22 सितंबर, 2025 से जीएसटी का स्ट्रक्चर दो-स्तरीय (5 फीसदी और 18 फीसदी) हो गया है, और अल्ट्रा-लक्ज़री व 'सिन गुड्स' (नुकसानदेह चीजों) के लिए सबसे ज़्यादा 40 फीसदी की दर देश में लागू है। इसने 1 जुलाई, 2017 से लागू 5फीसदी, 12 फीसदी, 18 फीसदी और 28 फीसदी वाले चार स्लैब की जगह ले ली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर