गोयल ने उद्यम पूंजी कोषों, कंपनियों से भारत में निवेश जल्द शुरू करने का किया आह्वान
नई दिल्ली, 16 जून (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को निवेशकों, कंपनियों और उद्यम पूंजी (वीसी) कोषों से कहा कि वे भारत में अब सक्रियता के साथ निवेश शुरू करें और इसमें अधिक विलंब न करें।
केंद्रीय वाणिज्य एवं मंत्री ने फ्रांस के नीस में आयोजित कार्यक्रम ‘भारत इनोवेट्स 2026’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। गोयल ने कहा कि भारत का निवेश परिवेश तैयार है, घरेलू बाजार विशाल है और सरकार निवेशकों को बाजार अवसरों से जोड़ने में मदद करेगी, जबकि एक सहयोगी नीतिगत ढांचा पहले से मौजूद है।
पीयूष गोयल ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में लिखा है कि, फ्रांस के नीस मैसेना में मशहूर गैलरीज लाफायेट में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) लॉन्च करते हुए बहुत खुशी हो रही है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने कहा कि भारत के वर्ल्ड-क्लास डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म को फ्रांस के प्रमुख रिटेल डेस्टिनेशन में से एक तक ले जाना, यूपीआई के ग्लोबल विस्तार की दिशा में एक और अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि लायरा कलेक्ट और एनआईपीएल की भागीदारी के साथ, यह पहल बड़े पैमाने पर भरोसेमंद, आसान और इंटरऑपरेबल डिजिटल समाधान देने की भारत की क्षमता को दिखाती है। यह लॉन्च भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक और तकनीकी संबंधों को और मजबूत करता है, जो हमारी रणनीतिक साझेदारी की बढ़ती गहराई और महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि सोफिया एंटीपोलिस नए विचारों और इनोवेशन से भरा हुआ था। वहां कुछ शानदार युवा भारतीयों से मुलाकात हुई, भविष्य की नई तकनीक वाले रोमांचक प्रोटोटाइप देखे और भविष्य की बड़ी कामयाबियों को आकार देने के लिए भारत-फ्रांस के बीच सहयोग की अपार संभावनाओं को समझा।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर