भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए पांच एमओयू पर हुए हस्ताक्षर
नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। केंद्र सरकार ने देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत बनाने और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख उद्योग संगठनों और पारिस्थितिकी तंत्र भागीदारों के साथ कई रणनीतिक समझौते किए हैं, जिसका उद्देश्य स्टार्टअप्स को वित्तीय, तकनीकी, निवेश और क्षमता निर्माण से जुड़ी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सरकार ने उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने वाली कैशफ्री पेमेंट्स, डार्विन डायनेमिक्स, वल्ट्र इंडिया, कार्स24 और काउंसिल फॉर स्टार्टअप इंडिया (सीएसआई) के साथ समझौते किए हैं। इन समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के उद्योग तथा आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग ने हस्ताक्षर किए हैं। स्टार्टअप्स के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचे के समर्थन को मजबूत करने के लिए कैशफ्री पेमेंट्स के साथ और उद्यमिता विकास और स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए डार्विन डायनेमिक्स एलएलपी के साथ साझेदारी की गई है।
इसी तरह डीपीआईआईटी ने स्टार्टअप्स के लिए क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर समर्थन को मजबूत करने के लिए वल्चर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। साथ ही उद्योग तथा आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग ने एआई संचालित मोबिलिटी इनोवेशन और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए कार्स24 सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किए हैं, जबकि डीपीआईआईटी ने भारतीय स्टार्टअप की वृद्धि और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने के लिए काउंसिल फॉर स्टार्टअप इंडिया के साथ गठजोड़ किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर