सरकार ने कच्चे जूट की जमाखोरी रोकने के लिए स्टॉक सीमा तय की
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने कच्चे जूट की जमाखोरी रोकने और आपूर्ति को स्थिर रखने के लिए नई स्टॉक सीमा तय कर दी है। ये आदेश जूट बेलरों, स्टॉकिस्टों, व्यापारियों और जूट मिलों पर लागू होगा।
वस्त्र मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में बताया कि जूट आयुक्त ने 27 नवंबर 2026 को कच्चे जूट की जमाखोरी को रोकने और कीमतों में उतार-चढ़ाव पर अंकुश लगाने के लिए गांठ बनाने वाली इकाइयों, भंडारकों, व्यापारियों और जूट मिलों के पास इसके भंडार की सीमा तय कर दी है। इसके तहत निर्धारित सीमा से अधिक भंडार रखने वालों को अतिरिक्त स्टॉक को बेचकर 10 दिसंबर तक खरीदारों को उसकी वास्तविक आपूर्ति करनी होगी। जूट एवं जूट वस्त्र नियंत्रण का आदेश, 2016 के तहत 27 नवंबर को जारी किया गया है। यह आदेश कच्चे जूट की कीमतों में अस्थिरता और सट्टेबाजी के कारण कीमतों में हो रही वृद्धि की चिंताओं के बीच आया है।
जूट आयुक्त की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक वे स्टॉकिस्ट/बेलर जो अधिसूचना की तिथि तक पंजीकृत नहीं हैं और जिन्होंने पंजीकरण के लिए आवेदन नहीं किया है तथा पंजीकृत स्टॉकिस्ट/बेलर जो जूट स्मार्ट पोर्टल पर स्टॉक रिटर्न जमा नहीं कर रहे हैं, अधिकतम 5 क्विंटल। कच्चे जूट से जूट सामान बनाने वाली जूट मिलें/विनिर्माण इकाइयाँ: वर्तमान उत्पादन दर के अनुसार अधिकतम 90 दिनों की खपत।
निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक रखने वाली संस्थाओं को अतिरिक्त मात्रा बेचनी होगी और 10 दिसंबर 2026 को या उससे पहले उसे प्रेषिती को भौतिक रूप से सौंपना होगा। तत्काल प्रभाव से, जब तक रखा गया स्टॉक निर्धारित सीमा के भीतर न आ जाए, नए स्टॉक की सभी खरीद रोक दी जानी चाहिए।
आदेश के अंतर्गत आने वाले सभी व्यक्तियों को प्रत्येक पखवाड़े जूट स्मार्ट पोर्टल (https://smart.jutecomm.gov.in) पर रिटर्न के माध्यम से अपने स्टॉक की घोषणा करनी और उसे अद्यतन करना होगा।
एक ही परिसर में रखे कच्चे जूट को एकल स्टॉक माना जाएगा, चाहे वह अलग-अलग व्यापारियों, स्टॉकिस्टों या बेलरों के नाम पर हो। जहां संस्थाएं गोदाम या बेलिंग प्रेस साझा करती हैं, वहां उस परिसर में रखी कुल मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होनी चाहिए।
जहां कच्चे जूट के विक्रय का अनुबंध किया गया है, उसे तब तक विक्रेता द्वारा धारित माना जाएगा जब तक वह खरीदार को भौतिक रूप से सौंप न दिया जाए।
वस्त मंत्रालय ने कहा कि यह आदेश जूट और जूट वस्त्र नियंत्रण आदेश, 2016 के खंड 5 और खंड 6(1)(iii) के तहत जारी किया गया है। हितधारकों के लिए कच्चे जूट की उपलब्धता में सुधार करने हेतु स्टॉक सीमा लगाना आवश्यक हो गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर