खाद्य सब्सिडी वितरण पायलट परियोजना पुडुचेरी में गुरुवार को होगी लॉन्च
नई दिल्ली, 25 फरवरी (हि.स)। केंद्र सरकार 26 फरवरी को केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) के तहत केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा (सीबीडीसी) आधारित खाद्य सब्सिडी वितरण पायलट परियोजना लॉन्च करेगी।
केन्द्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी इस पायलट परियोजना का उद्घाटन पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी एवं अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में करेंगे। यह पायलट परियोजना पुडुचेरी सरकार, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई), सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) और नामित बैंकिंग सहयोगी और केनरा बैंक के समन्वय से लागू की जाएगी।
इस पायलट परियोजना के तहत खाद्य सब्सिडी के लिए चिन्हित लाभार्थियों के सीबीडीसी वॉलेट में प्रोग्राम योग्य सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) टोकन के रूप में सीधे जमा की जाएगी। इन टोकनों का उपयोग केवल अधिकृत व्यापारियों एवं उचित मूल्य की दुकानों (एफपीएस) से खाद्यान्नों की खरीद के लिए किया जा सकेगा, जिससे सब्सिडी का उद्देश्यपूर्ण उपयोग सुनिश्चित होगा एवं पारदर्शिता बढ़ेगी।
मंत्रालय के मुताबिक सीबीडीसी आधारित डिजिटल फूड करेंसी पहल देश के खाद्य सुरक्षा तंत्र में डिजिटल रूपांतरण का अगला चरण है। इसका उद्देश्य सब्सिडी वितरण में पारदर्शिता, दक्षता, जवाबदेही एवं लाभार्थियों के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। पुडुचेरी में इस परियोजना को लागू करने के बाद सीबीडीसी-आधारित इस पायलट परियोजना का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, ताकि इसमें अतिरिक्त लाभार्थियों एवं अन्य केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर