सरकार सभी पायलटों के लिए रैंडम ड्रग टेस्ट पर कर रही विचार : राममोहन नायडू
नई दिल्ली, 25 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि सरकार सभी पायलटों के लिए हर साल रैंडम ड्रग टेस्ट कराने पर विचार कर रही है। यह कदम एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली उड़ान की जांच के बीच उठाया गया है, जिसमें अचानक 300 फुट की ऊंचाई कम होने से 24 लोग घायल हो गए थे।
नायडू ने दिल्ली में फेडरल एक्सप्रेस कॉर्पोरेशन (फ़ेडेक्स) के इंटीग्रेटेड एयर कार्गो हब के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। नायडू ने कहा कि यह प्रस्ताव एयर इंडिया के दो पायलटों के उड़ान के बाद शुरुआती ड्रग टेस्ट में नॉन-नेगेटिव पाए जाने के कुछ दिनों बाद आया है। इसके बाद एयर इंडिया ने अपने सभी पायलटों की जांच शुरू कर दी है।
नायडू ने बताया कि एयर इंडिया के अलावा दूसरी एयरलाइंस कंपनियां भी टेस्ट करा रही हैं। उन्होंने अपने संबोधन में फुकेत-दिल्ली फ़्लाइट से जुड़ी गंभीर घटना का ज़िक्र किया और कहा कि विमान दुर्घटना जांच बोर्ड इस मामले की जांच कर रहा है।
उन्होंने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए), स्टेकहोल्डर्स से इस बारे में सलाह-मशविरा कर रहा है कि मौजूदा नियम क्या कहते हैं और पायलटों के ड्रग टेस्ट के लिए एक सख़्त पॉलिसी कैसे बनाई जाए। नायडू ने कहा कि यह बातचीत चल रही है। इस टेस्ट को करने के कई तरीके हैं। अभी नियम के मुताबिक कुल पायलट नेटवर्क में से 10 फीसदी का टेस्ट होता है।
उल्लेखनीय है कि यह बात एयर इंडिया द्वारा अपनी शुरुआती पोस्ट-फ्लाइट ड्रग टेस्टिंग में दो पायलटों के नॉन-नेगेटिव पाए जाने के कुछ दिनों बाद कही गई। एयर इंडिया ने 13 अगस्त से अपने सभी पायलटों की 100 फीसदी टेस्टिंग स्वेच्छा से शुरू की थी। यह कदम 4 अगस्त की फुकेत-दिल्ली उड़ान के पायलट-इन-कमांड के कन्फर्मेटरी ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद उठाया गया था।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर