केंद्र ने डॉ. सैबल चट्टोपाध्याय को राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग का अध्यक्ष किया नियुक्त

 




नई दिल्ली, 17 जून (हि.स)। केंद्र सरकार ने डॉ. सैबल चट्टोपाध्याय को राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग (एनएससी) का अध्यक्ष नियुक्त किया है। देश की सभी मुख्य सांख्यिकी गतिविधियों के लिए एक नोडल निकाय के रूप में कार्य करने वाले इस आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति को मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने मंजूरी दे दी है।

इनके साथ ही प्रो. शुभब्रता दास, सत्येन्द्र बहादुर सिंह और डॉ. माधवन मुकुंद को आयोग के नए सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। डॉ. स चट्टोपाध्याय इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, कोलकाता के पूर्व निदेशक हैं। उन्होंने अमेरिका के स्टॉर्स स्थित कनेक्टिकट विश्वविद्यालय से सांख्यिकी में पीएचडी और एमएस की उपाधि प्राप्त की है।

प्रोफेसर शुभब्रता दास बैंगलोर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में प्रोफेसर हैं। उन्होंने चैपल हिल स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ कैरोलिना से सांख्यिकी में पीएचडी और एमएस तथा कोलकाता स्थित भारतीय सांख्यिकी संस्थान से सांख्यिकी में एम.स्टैट और बी.स्टैट की उपाधि प्राप्त की है।

सत्येंद्र बहादुर सिंह भारतीय सांख्यिकी सेवा के 1987 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, जिनका भारत सरकार में तीन दशकों से अधिक की सेवा का करियर रहा है और उन्हें आधिकारिक सांख्यिकी, आर्थिक सांख्यिकी, श्रम और रोजगार सांख्यिकी, नीतिगत सहायता, प्रशिक्षण और प्रशासन में अनुभव है।

डॉ. माधवन मुकुंद चेन्नई गणित संस्थान के निदेशक हैं। उन्होंने डेनमार्क के आरहस विश्वविद्यालय से कंप्यूटर विज्ञान में पीएचडी और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में बी.टेक की उपाधि प्राप्त की है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग (एनएससी) की स्थापना 2005 में देश की सभी प्रमुख सांख्यिकी गतिविधियों के लिए एक नोडल निकाय के रूप में की गई थी। इस आयोग में एक अंशकालिक अध्यक्ष, सांख्यिकी के क्षेत्र में विशेषज्ञता और अनुभव रखने वाले चार अंशकालिक सदस्य और नीति आयोग के सीईओ पदेन सदस्य के रूप में शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सचिव, एनएससी के सचिव होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर