ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव

 


नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एशियाई बाजार में भी आज गिरावट का रुख नजर आ रहा है।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के पहले पिछले सत्र के दौरान घबराहट का माहौल बना रहा। ब्याज दर में बढ़ोतरी होने की आशंका के कारण अमेरिकी बाजार के सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.30 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.48 प्रतिशत लुढ़क कर 7,619.98 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 146.62 अंक यानी 0.56 प्रतिशत टूट कर 26,186.41 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 166.20 अंक यानी 0.32 प्रतिशत फिसल कर 52,255 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.44 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,697.57 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स ने 0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 8,117.78 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स 127.75 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,440.81 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर बिकवाली का रुख बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बना हुआ है। एशियाई बाजार में इकलौता स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स फिलहाल 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 5,659.85 अंक के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,379.50 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स भी 123.32 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 45,739.20 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स आज बड़ी फिसलन का शिकार हो गया है। फिलहाल यह सूचकांक 0.96 प्रतिशत फिसल कर 6,472.27 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 0.92 प्रतिशत टूट कर 6,623.04 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.53 प्रतिशत लुढ़क कर 1,582.63 अंक के स्तर पर, हैंग सेंग इंडेक्स 0.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,837 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.10 प्रतिशत टूट कर 3,881.41 अंक के स्तर पर और निक्केई इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63,429 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक