जर्मन ग्रीन स्टील का शेयर तीन फीसदी से अधिक बढ़त के साथ हुआ सूचीबद्ध
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर लिमिटेड का शेयर अपने 139 रुपये के निर्गम मूल्य मुकाबले तीन फीसदी से अधिक बढ़त के साथ सोमवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर कंपनी का शेयर 143.50 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 3.23 फीसदी अधिक है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर शेयर ने निर्गम मूल्य से 2.15 फीसदी की बढ़त के साथ 142 रुपये पर कारोबार शुरू किया। कंपनी का बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) 1,004.03 करोड़ रुपये रहा।
जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले हफ्ते मंगलवार को बोली लगाने के अंतिम दिन 28.98 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 304 करोड़ रुपये के आईपीओ का मूल्य दायरा 132-139 रुपये प्रति शेयर था। कंपनी की योजना नए शेयर से जुटाई गई धनराशि का इस्तेमाल गुजरात के कच्छ जिले के सामखियाली में विनिर्माण इकाई के विस्तार, पवन एवं सौर ऊर्जा के संयुक्त संयंत्र की स्थापना, कर्ज चुकाने और सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए करेगी।
उल्लेखनीय है कि 2008 में बनी आयरन और स्टील बनाने वाली यह कंपनी मुख्य रूप से देश के पश्चिमी इलाके में काम करने वाली एक वर्टिकली इंटीग्रेटेड आयरन और स्टील बनाने वाली कंपनी है। गुजरात स्थित जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर लि. एकीकृत लौह एवं इस्पात विनिर्माण कंपनी है। इसके उत्पादों में टीएमटी बार, एमएस बिलेट और स्पंज आयरन शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर