निवेशकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए गलगोटियास यूनिवर्सिटी का बीएसई से करार
- पांच साल का समझौता विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता और निवेश की समझ से करेगा सशक्त
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक,निवेश के प्रति जिम्मेदार और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गलगोटियास यूनिवर्सिटी ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। देश के प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज बीएसई लिमिटेड के साथ यूनिवर्सिटी ने पांच साल के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर शुक्रवार को हस्ताक्षर किए हैं।
इस एमओयू पर बीएसई लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ सुंदररमन राममूर्ति और गलगोटियास यूनिवर्सिटी के सीईओ डॉ. ध्रुव गलगोटिया ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. एनके गौर भी उपस्थित रहे। यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता ने बताया कि इस साझेदारी के जरिए विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, निवेशक जागरूकता और पूंजी बाजार की कार्यप्रणाली से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी, ताकि वे अपने करियर की शुरुआत से ही धन के बेहतर प्रबंधन और सुरक्षित निवेश के लिए तैयार हो सकें। इसके साथ ही इससे विद्यार्थियों को बचत, निवेश, पूंजी बाजार और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क होगा। यूनिवर्सिटी का लक्ष्य अंतिम वर्ष के सभी विद्यार्थियों को इस पहल से जोड़ना है। कार्यक्रम में शामिल प्रत्येक विद्यार्थी एनआईएसएम द्वारा आयोजित सेबी सेबी निवेशक जागरूकता परीक्षण (एसआईएटी) में भाग लेगा। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र पहले बैच के पार्टनर ट्रेनर का प्रमाणन पूरा होने के बाद शुरू होंगे।
इस साझेदारी पर गलगोटियास यूनिवर्सिटी के सीईओ डॉ. ध्रुव गलगोटिया ने कहा, “विकसित भारत के लिए ऐसी पीढ़ी तैयार करना आवश्यक है, जो तकनीक की तरह ही आत्मविश्वास के साथ धन और वित्तीय संसाधनों को समझती हो। उन्होंने कहा कि बीएसई के साथ यह सहयोग हमारे विद्यार्थियों को अनुमान के बजाय ज्ञान के आधार पर कमाने, बचत करने और निवेश करने में सक्षम बनाएगा। इस पहल को प्रभावी बनाने के लिए हम अपने शिक्षकों और पूरे कैंपस को इसके साथ जोड़ेंगे।”
बीएसई के सीईओ और प्रबंध निदेशक सुंदररमन राममूर्ति ने गलगोटियास डायलॉग सीरीज में विद्यार्थियों से रूबरू हुए हुए। राममूर्ति ने गलगोटियास डायलॉग सीरीज के दौरान विद्यार्थियों को इस साझेदारी की जानकारी दी। उन्होंने यूनिवर्सिटी के आधुनिक बुनियादी ढांचे और विद्यार्थियों की नवाचार क्षमता की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि यह सहयोग सेबी की परियोजना ‘जागरूक’ के अंतर्गत राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार जागरूकता अभियान (एनएसएमएसी) के तहत संचालित होगा। इसके लिए प्रशिक्षकों द्वारा विश्वविद्यालय/कॉलेज के छात्रों की मेंटरिंग (एमयूएसटी) कार्यक्रम का उपयोग किया जाएगा। बीएसई, जिसकी स्थापना 1875 में हुई थी और जो एशिया का सबसे पुराना स्टॉक एक्सचेंज है, इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को वित्तीय निर्णय लेने में सक्षम बनाने में यूनिवर्सिटी का सहयोग करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर