गेल का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में दोगुना होकर 4,671 करोड़ रुपये पर
नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ करीब दोगुना होकर 4,670.99 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
कंपनी ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि गैस विपणन कारोबार से कमाई में आई तेज उछाल ने पेट्रोकेमिकल खंड में हुए नुकसान की भरपाई कर दी है। इससे चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में गेल (इंडिया) लिमिटेड का शुद्ध लाभ 96.1 फीसदी बढ़कर 4,670.99 करोड़ रुपये (लगभग 4,671 करोड़ रुपये) हो गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,382.24 करोड़ रुपये था।
गेल इंडिया लिमिटेड ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में परिचालन राजस्व बढ़कर 41,350.18 करोड़ रुपये हो गया, जबकि इससे पिछले साल अप्रैल-जून 2025 के दौरान ये 35,428.81 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी को इस दौरान प्राकृतिक गैस परिवहन सेवा से होने वाली कमाई भी 14 फीसदी बढ़कर 1,782 करोड़ रुपये हो गई, जबकि प्राकृतिक गैस विपणन से होने वाली आय बढ़कर 3,481.29 करोड़ रुपये हो गई। साथ ही एलपीजी व्यवसाय से होने वाली आय अप्रैल-जून में बढ़कर 772.50 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 205.01 करोड़ रुपये थी।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट से आपूर्ति बाधित होने के बाद गेल ने अन्य उत्पादकों के साथ मिलकर घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) का उत्पादन भी बढ़ा दिया था। इससे कंपनी का पेट्रोकेमिकल खंड में घाटा भी एक साल पहले के 248.63 करोड़ रुपये से घटकर 122.53 करोड़ रुपये रह गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर