देश का विदेशी मुद्रा भंडार 96.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 672.58 अरब डॉलर पर

 


नई दिल्ली/मुंबई, 26 जून (हि.स)। आर्थिक र्मोचे पर अच्छी खबर आई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 19 जून को समाप्त हफ्ते में 96.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 672.58 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। इससे पिछले हफ्ते देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 9.98 अरब डॉलर घटकर 671.62 अरब डॉलर रह गया था।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 19 जून को समाप्त हफ्ते में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 9.63 करोड़ डॉलर (963 मिलियन डॉलर) की बढ़त के साथ 672.58 अरब डॉलर पर रहा है। आंकड़ों के मुताबिक इससे पिछले सप्ताह देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 9.98 अरब डॉलर घटकर 671.62 अरब डॉलर रह गया था।

आरबीआई के अनुसार इस दौरान मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (एफसीए) 3.07 अरब डॉलर घटकर 541.217 अरब डॉलर रह गईं। हालांकि, इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 4.11 अरब डॉलर बढ़कर 107.93 अरब डॉलर हो गया। आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) भी 5.2 करोड़ डॉलर घटकर 18.647 अरब डॉलर रहा।

केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के मुताबिक 19 जून को समाप्त हफ्ते के दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित कोष 2.2 करोड़ डॉलर घटकर 4.79 अरब डॉलर रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर