देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 675 अरब डॉलर के पार पहुंचा

 




नई दिल्ली/मुंबई, 17 जुलाई (हि.स.)। आर्थिक र्मोचे पर अच्छी खबर आई है। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार दूसरे हफ्ते इजाफा दर्ज हुआ है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10 जुलाई को समाप्त हफ्ते में 96.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 675.15 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि इससे पिछले हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार 7.26 अरब डॉलर बढ़कर 674.19 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। आंकड़ों के अनुसार विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा एफसीए 930 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 546.51 अरब डॉलर हो गया है।

आरबीआई के मुताबिक देश का स्वर्ण भंडार 24 मिलियन डॉलर बढ़कर 105.223 अरब डॉलर पर पहुंच गया। वहीं, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 30 लाख यूएस डॉलर की वृद्धि के साथ 18.626 अरब डॉलर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित स्थिति भी 70 लाख डॉलर बढ़कर 4.793 अरब डॉलर हो गई है।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 27 फरवरी को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 728.494 अरब अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर था।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर