विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार दूसरे हफ्ते गिरावट, 7.51 अरब डॉलर घटा

 


मुंबई, 29 मई (हि.स)। पश्चिम एशिया संकट के बीच विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार दूसरे हफ्ते गिरावट आई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 22 मई को समाप्त हफ्ते में 7.51 अरब डॉलर घटकर 681.38 अरब डॉलर रह गया। पिछले हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर रहा था।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 22 मई को समाप्त हफ्ते के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां, 2.87 अरब डॉलर घटकर 543.03 अरब डॉलर रह गईं। इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य भी 4.53 अरब डॉलर घटकर 114.79 अरब डॉलर रह गया। इस अवधि में विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) भी 7.7 करोड़ डॉलर घटकर 18.75 अरब डॉलर रह गया। आंकड़ों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित स्थिति भी 3.3 करोड़ डॉलर घटकर 4.82 अरब डॉलर रह गई।

इससे पहले देश का विदेशी मुद्रा भंडार 27 फरवरी को समाप्त हफ्ते में 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, पश्चिम एशिया में संकट शुरू होने के बाद रुपये पर दबाव बढ़ा और आरबीआई को डॉलर बेचकर विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप करना पड़ा, जिससे कई सप्ताह तक विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज की गई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी विदेशी मुद्रा को बचाने के लिए लोगों से विदेशी यात्राएं कम करने, ईंधन की खपत घटाने और एक साल तक सोने की खरीदारी से बचने की अपील कर चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर